दुर्गा महाविद्यालय में प्लेटिनम जुबली पर मिलन 2026 का आयोजन:अनुज शर्मा ने गाया गाना, हरियाणवी गाने पर थिरकी गर्ल्स

रायपुर में दुर्गा महाविद्यालय की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर वार्षिकोत्सव, प्रतिभा सम्मान एवं कल वाटिका समापन समारोह ‘मिलन 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रतिभा मुखर्जी साहूकार, उप प्राचार्य सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, मुख्य अतिथि पुरंदर मिश्रा (विधायक उत्तर), पद्मश्री अनुज शर्मा, शेखर अमीन (अध्यक्ष, शासकीय निकाय), जाकिर अली और छात्र परिषद प्रभारी अजय कुमार शर्मा द्वारा मां सरस्वती के पूजन से हुआ। स्वस्ति वाचन विजय कुमार चौबे ने किया। मिलन 2026 के बैनर तले अजय कुमार शर्मा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय के सात दशकों के गौरवशाली इतिहास और पूर्व शिक्षाविदों का स्मरण किया। स्वागत भाषण में प्राचार्य प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने आयोजन को गर्व का क्षण बताया और विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ परीक्षा की तैयारी पर ध्यान देने की सलाह दी। विधायक पुरंदर मिश्रा ने विद्यार्थियों को माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करने, मोबाइल व नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए विधायक निधि से महाविद्यालय को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की।
पद्मश्री अनुज शर्मा ने युवाओं को किया प्रेरित, गीत से बांधा समां पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को युवा ही साकार कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा दी। विशेष आग्रह पर उन्होंने लक्ष्मण मस्तुरिया का गीत ‘छत्तीसगढ़िया हव जी’ और ‘सपना थाव तोला घेरी बेरी’ प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके बाद विश्वविद्यालय की प्रवीण्य सूची के विद्यार्थियों, पीएचडी उपाधि प्राप्त छात्रों, राष्ट्रीय सेवा योजना और एनसीसी के कैडेट्स को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
50 से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति से गूंजा परिसर कार्यक्रम में गीत-संगीत, एकल व समूह नृत्य की करीब 50 प्रस्तुतियां दी गईं। पुलवामा अटैक और ऑपरेशन सिंदूर पर एनसीसी कैडेट्स की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और भारत माता की जय के नारे गूंज उठे। छात्रा पूजा ने ‘मेरे ढोलना’, पिंकी समूह ने ‘मारिया मारिया’, मुस्कान समूह ने हरियाणवी डांस और अन्य समूहों ने बॉलीवुड व छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन गणेश शंकर पांडे ने किया, पुरस्कार वितरण विजय चौबे ने संपन्न कराया तथा आभार प्रदर्शन सुनीता चंसोरिया ने किया। समापन डीजे कार्यक्रम के साथ हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *