सिरसा के रानियां की एक महिला ने जैसलमेर के एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे बंधक बनाकर रखा और अब अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित महिला के अनुसार, वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उसकी बड़ी बेटी शादीशुदा है, जबकि बेटा अपने पिता के साथ रहता है। महिला फिलहाल अपने पति से अलग रह रही है। महिला ने बताया कि, जनवरी 2025 में वह अपनी सहेली से मिलने राजस्थान के जैसलमेर गई थी। वहां उसकी मुलाकात 48 वर्षीय व्यक्ति से हुई, जो राजस्थान के जैसलमेर की ढाणी रेवंत सिंह का निवासी है। दोनों में दोस्ती हो गई। खेत सिंह ने खुद को तलाकशुदा बताकर महिला को शादी का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर जैसलमेर गई आरोपी ने बाद में महिला को जैसलमेर बुलाया और शादी करने का वादा किया। महिला उसकी बातों में आकर जैसलमेर चली गई, जहां खेत सिंह ने शादी का झांसा देकर उसकी मर्जी के खिलाफ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद जब महिला ने शादी के लिए कहा, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उसने महिला को जबरन अपने घर में बंधक बनाकर रखा। वीडियो- फोटो वायरल करने की धमकी दी महिला किसी तरह अपनी जान बचाकर जैसलमेर से भाग निकली। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने और उसके अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की लगातार धमकी दे रहा है। महिला ने इस संबंध में संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में थाना प्रभारी गुरनविंद्र सिंह ने बताया कि आज हमारे पास शिकायत पहुंची है। मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


