मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में विजय दिवस का आयोजन वीरों को श्रद्धांजलि देकर किया गया। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मंत्रोच्चार से हुई। इस मौके पर शिक्षक संत शर्मा ने विजय दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर उन्होंने स्वरचित पंक्तियाँ व्यक्त की “यह ना समझना माँ के चिर निद्रा लेने जा रहा हूँ, मैं तेरी कोख से फिर जन्म लेने आ रहा हूँ।“ शिक्षक ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में महाराणा प्रताप, शिवाजी, भगत सिंह जैसे वीर हुए हैं जिन्होंने अपनी कम आयु में ही ऐसा काम किया हैं जिन्हें आज भी हम याद करते हैं। जिनका नाम आज भी अमर हैं। हमें भी अपने देश के लिए कुछ कर के दिखाना है।” संत शर्मा ने देश के वीर सैनिकों की बहादुरी और बलिदान को नमन करते हुए सभी को प्रेरणा दी। उनके विचारों ने विद्यार्थियों को देशभक्ति और सेवा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि “मैं अपने प्यारे बच्चों से यह कहना चाहता हूँ कि हमें अपने वीर शहीदों के लिए, अपनी मातृभूमि का कर्ज उतारना है। इस अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यालय के एनसीसी छात्रों को ए-सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। साथ ही मध्यांचल प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी रातीबड़, भोपाल द्वारा एनसीसी कैम्प आयोजित किया गया, इसमें सहभागिता करने वाले विद्यालय के छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन ने सभी के मन में देशप्रेम और एकता की भावना को और अधिक प्रबल किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


