सीकर के जाजोद थाना इलाके में पेट्रोल पंप पर चोरी का मामला सामने आया है। बाइक पर आए 2 नकाबपोश चोरों ने पंप ऑफिस के ताले तोड़कर पूरी वारदात को अंजाम दिया। दोनों चोर पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रिकॉर्ड भी हुए हैं। जिसके आधार पर अब पुलिस जांच कर रही है। जाजोद इलाके में श्रीमाधोपुर रोड पर स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर यह चोरी की वारदात हुई। पंप मालिक को सेल्समैन ने सुबह चोरी की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि ऑफिस के ताले टूटे हुए हैं। साथ ही गल्ले में रखे 35500 रुपए भी गायब है। जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक किए तो उसमें दो चोर नजर आ रहे हैं। जो रात को 1:22 पर चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं और चोरी करने के बाद कुछ ही मिनट में वहां से फरार हो जाते हैं। पंप संचालक का कहना है कि आज से करीब डेढ़ साल पहले 30 सितंबर 2023 को पेट्रोल पंप से अपने घर पर जा रहे थे तो खेड़ी बस स्टैंड के पास एक मोटरसाइकिल पर तीन नकाबपोश बदमाश आए थे। जिन्होंने पंप संचालक पर हमला करके 6 हजार रुपए सहित अन्य सामान लूट लिया था। इस मामले में भी पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।


