सुपारी किलर संदीप उर्फ शेट्टी के गुर्गों ने करीब 5 साल पहले रघुवीर हत्या काण्ड का बदला लेने के लिए बीकानेर रोड पर एक कार पर ट्रक चढ़ाया था। इसमें नरेंद्र सांखला की मौत हो गई थी। नरेंद्र सांखला की हत्या के मामले में अब तक फरार रोहिताश उर्फ कालवा निवासी जींद (हरियाणा) को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रोहिताश की काफी समय से तलाश थी। एएसपी सुमित कुमार व सीओ रामप्रताप विश्नोई के सुपरविजन में कोतवाली सीआई वेदपाल शिवराण को इसे पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई। कोतवाल वेदपाल, हैड कॉन्स्टेबल शिव कुमार व कॉन्स्टेबल ओमप्रकाश के साथ तलाश में जुटे रहे। इसके बाद लगातार ट्रेस करके पुलिस ने दबिश देकर रोहिताश उर्फ कालवा को गिरफ्तार किया है। नरेंद्र सांखला की हत्या वाला ट्रक रोहिताश ने ही उपलब्ध कराया था। 6 लोगों की हो चुकी है जमानत मृतक नरेंद्र सांखला की ओर से पैरवी कर रहे एडवोकेट ठाकुर प्रसाद राठी ने बताया कि 28 नवंबर 2019 को दिनेश माली व उसके चचेरे भाई नरेंद्र सांखला को ट्रक की टक्कर मारी थी। इसमें नरेंद्र की मौत हो गई थी, जबकि दिनेश माली घायल हो गया था। इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें रघुवीर सांखला की पत्नी सरोज समेत 6 जमानत पर हैं। एक आरोपी कृष्ण उर्फ गोपाल ही जेल में है। गिरफ्तार आरोपी रोहिताश पर करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। रोहिताश पर हरियाणा के नरवाना, फतेहाबाद, जींद और उकलाना थाने में हत्या, चोरी, शराब तस्करी समेत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी से अनुसंधान के दौरान अन्य कई मामले भी खुलने की संभावना है। यह है मामला सूत्रों के अनुसार करीब 7 साल पहले शहर के राठौड़ी कुआं के रघुवीर सांखला की दिनदहाड़े चाकू घोंप कर हत्या हुई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी दिनेश माली व उसके भाई को बाद में गिरफ्तार किया गया था। रघुवीर सांखला की हत्या का बदला लेने के लिए संदीप उर्फ शेट्टी को सुपारी दी गई। इसी साजिश के तहत नवंबर 2019 को कार में जा रहे दिनेश व नरेंद्र सांखला पर संदीप उर्फ शेट्टी के गुर्गों ने ट्रक चढ़ा दिया था, जिसमें नरेंद्र सांखला की मौत हो गई थी। बाद में इस मामले में करीब आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार हुए थे।


