बांसवाड़ा के पॉश इलाके मोहन कॉलोनी में गुरुवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर 2 गुट आपस में भिड़ गए। जानकारी के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार से हमला कर दिया। इस टकराव में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला शांत कराया। जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली थाने में क्रॉस केस दर्ज किया गया है। एक की हालत गंभीर झगड़े के बाद घायल हिमांशु पुत्र मनोज कुमार राठौड़, निवासी निचला भोईवाड़ा और मेहुल पुत्र रामचंद्र, निवासी पृथ्वीगंज को तत्काल महात्मा गांधी (MG) अस्पताल पहुंचाया गया। हिमांशु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि मेहुल की हालत गंभीर होने के कारण उसे वार्ड में भर्ती किया गया है। जानलेवा हमले का आरोप कोतवाली पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। हिमांशु और मेहुल ने जैकी तेली और उसके साले पर तलवार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है। जैकी तेली ने भी हिमांशु और मेहुल के खिलाफ मारपीट और हुड़दंग करने का मामला दर्ज करवाया है। पहले भी हो चुके पाबंद कोतवाली थानाधिकारी बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। कुछ महीने पहले भी इनके बीच झगड़ा हुआ था, तब पुलिस ने इन्हें शांति भंग के आरोप में पाबंद किया था। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


