नमस्कार डिप्टी सीएम और फाइनेंस मिनिस्टर ने सदन में बजट पेश किया। साथ ही शायराना अंदाज में विपक्ष को घेरा। लोकसभा में नागौर सांसद ने भाषण देने के नुकसान बताए तो ठहाके गूंज उठे। नागौर में मंत्रीजी बोले- भारत ऐसा देश है, जिसमें ताजमहल और लाल किले तक की फर्जी रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। टोंक में पूर्व डिप्टी सीएम ने अपने हाथों से दिव्यांग को आर्टिफिशियल पैर लगाए। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. विपक्ष को डिप्टी सीएम का शायराना जवाब प्रदेश का बजट आने वाला था। सत्ता पक्ष को तो कमर कसकर आना ही था। विपक्षी दल के नेता भी पूरी तैयारी के साथ विधानसभा पहुंचे थे। लेकिन आदर्शनगर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रफीक खान बड़ी मुश्किल से पहुंचे। विधायक साहब ने विधानसभा परिसर में पहुंचते ही मीडिया को बताया कि आने में क्या मुश्किल हुई। उन्होंने अपनी मुश्किल को बजट से जोड़ते हुए कहा- जयपुर शहर को अभी तुरंत ट्रैफिक व्यवस्था की जरूरत है। मैं बहुत ही मुश्किल से फंसते-फंसते यहां तक पहुंचा हूं। उन्होंने आशंका भी जताई। कहा- मुझे शक है कि फायनांस मिनिस्टर साहिबा को भी आने में देर हो सकती है। इतना भयंकर हाल है ट्रैफिक का। मैंने पुलिस वालों से बात की तो उन्होंने भी माना कि फाइनेंस मिनिस्टर के निकलने के लिए रास्ता बना रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कहा- अशोक गहलोत ने जोधपुर को चमका दिया। वसुंधरा राजे ने धौलपुर को चमका दिया। सुखाड़िया जी ने उदयपुर को चमका दिया। जयपुर को तो मुख्यमंत्री के साथ दो उप-मुख्यमंत्री भी मिले हैं। तीनों जयपुर से हैं। फिर भी जयपुर की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। विधायक का शक गलत निकला, क्योंकि फाइनेंस मिनिस्टर राइट टाइम पर विधानसभा पहुंचीं। उन्होंने एक ही शायरी में विपक्ष को करारा जवाब दे दिया। शायरी का भावार्थ था- आपने हार कर हमें जिस हालत में सत्ता सौंपी, उसे सरकार के रूप में चलाना भले कठिन था, फिर भी हमने शासन चलाकर दिखाया और अब पूरा कार्यकाल सफलतापूर्वक पार कर जाएंगे। 2. नागौर सांसद की बात पर हंसी एमपी साहिबा विधानसभा के बाद अब बात संसद की। लोकसभा में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल जब भी खड़े होते हैं, कुछ न कुछ ऐसा जरूर कह जाते हैं कि बाकी सांसद अपनी हंसी रोक नहीं पाते। सांसद महोदय सदन में खड़े होकर अपनी बात रख रहे थे। स्पीकर के आसन पर जगदंबिका पाल थे। बेनीवाल को सत्ता पक्ष के कुछ सांसद महोदय बीच-बीच में टोक-टाकी कर रहे थे। इस पर उन्होंने सामने वाले सांसदजी की दुखती रग पकड़ ली। बोले- आप भाषण मत दो और मंत्री बनने का प्रयास करो। वरना जीवन भर भाषण ही देते रह जाओगे। इस पर सदन में हंसी उठने लगी। सांसद आगे बोले- हम तो आपको आगे लाना चाहते हैं। लेकिन आप जितनी तैयारी के साथ जितना भाषण दोगे, मंत्री बनने का नंबर उतना लेट आएगा। इस पर सदन में ठहाके गूंज उठे। बेनीवाल के पीछे की पंक्ति में बैठीं सांसद प्रिया सरोज तो हनुमान बेनीवाल के अंदाज पर खिलखिला ही पड़ीं। प्रिया सरोज क्रिकेटर रिंकू सिंह की पत्नी हैं। 3. फर्जी रजिस्ट्री तो ताजमहल-लालकिले तक की हो गई नगरीय विकास मंत्री नागौर के दौरे पर थे। सर्किट हाउस में वे पत्रकारों से रूबरू हुए। एक पत्रकार ने सवाल उठाया- जिले में गलत रूप से पट्टे जारी कर दिए गए थे, अवैध पट्टों की रजिस्ट्री अभी भी हो रही है। कोई हाथ लगाने वाला नहीं जो पट्टे निरस्त कर सके। इस पर मंत्रीजी बोले- रजिस्ट्री से तो सरकार को आमदनी हो रही है, इसलिए कोई गलत पट्टों की रजिस्ट्री भी करा रहा है तो हमें कोई दिक्कत नहीं है। बाकी भारत तो ऐसा देश है जिसमें लाल किले से लेकर ताजमहल तक की रजिस्ट्री हो चुकी है। फिर भी गलत पट्टे सौ फीसदी निरस्त कर देंगे। 4. चलते-चलते.. पिता राजेश पायलट की जयंती पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने नेक काम किया। दिव्यांगों को पद्म भूषण डॉ. डी. आर. मेहता के सहयोग से जयपुर फुट और अन्य सामग्री बांटी। पिता को याद करते हुए वे बोले- लोग कहते हैं कि मैं कम मुस्कराता हूं। लेकिन पिताजी हमेशा मुस्कराते रहते थे। मेरे लिए मां ज्यादा कड़क थीं, पापा कड़क नहीं थे फिर भी अनुशासन का पाठ पढ़ाया। पायलट ने दोनों पैरों से दिव्यांग लाभार्थी को अपने हाथों से जयपुर फुट पहनाए। जयपुर फुट लगाकर एक लाभार्थी दर्शक दीर्घा से दौड़ता हुआ मंच तक आया। मंच पर चढ़कर पायलट के सामने डांस किया। इसके बाद करीब 3 फीट ऊंचे मंच से कूदकर ‘पैरों की ताकत’ दिखाई। यह दिव्यांग लाभार्थी इच्छाशक्ति की जीती-जागती मिसाल नजर आया। कई हाथ-पैर वालों में भी इच्छाशक्ति नहीं होती। पायलट ने इस अवसर पर एक भली बात कही- राजनीति जनता के दम पर होती है, नेता में घमंड हो तो जनता से ये दूरी बना लेते हैं। अवसर आने पर ऐसे नेताओं से जनता दूरी बना लेती है। मेरी जड़ें काफी मजबूत हैं। इनपुट सहयोग- हनुमान तंवर (नागौर), महावीर बैरवा (टोंक)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..


