छात्राओं को स्कूटी का इंतजार:डेढ़ साल से बंद कमरों में धूल खा रही 200 स्कूटियां, इंश्योरेंस पॉलिसी रिन्युअल के लिए आ रहे फोन

बारां में राजस्थान सरकार की कालीबाई भील स्कूटी वितरण और देवनारायण योजना के तहत प्रतिभावान छात्राओं को मिलने वाली स्कूटियां डेढ़ साल से वितरण के लिए लटकी हुई हैं। सत्र 2022-23 में जिले की 295 छात्राओं के लिए स्वीकृत की गई स्कूटियों में से अभी तक 200 से अधिक स्कूटियां वितरित नहीं हो पाई हैं। योजना के अंतर्गत राजस्थान बोर्ड में 65 प्रतिशत और CBSE में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को स्कूटी दी जानी थी। जुलाई 2023 में स्कूटियां जिला स्तर पर भेजी गईं, लेकिन दस्तावेज जांच में 43 छात्राएं अपात्र पाई गईं। पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान 55 छात्राओं को स्कूटियां वितरित की जा चुकी हैं। विधानसभा और लोकसभा चुनाव की आचार संहिता और वित्त विभाग से बाउचर जारी न होने के कारण शेष स्कूटियों का वितरण रुका हुआ है। वर्तमान में जिला मुख्यालय के गर्ल्स कॉलेज परिसर में 143 और डीलर के पास 59 स्कूटियां धूल फांक रही हैं। छात्राओं को अभी तक स्कूटियां तो नहीं मिली, लेकिन इंश्योरेंस कंपनियां पॉलिसी रिन्युअल के लिए फोन कर रही हैं। छात्राओं को पहले ही स्कूटी के कागजात, इंश्योरेंस पॉलिसी और रजिस्ट्रेशन नंबर दे दिए गए थे। लाइसेंस बनवाने में छात्राओं के 4-5 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं, लेकिन स्कूटियां अभी तक नहीं मिली हैं। बाउचर जारी नहीं होने से नहीं हुआ वितरण
गर्ल्स पीजी कॉलेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल एसके मेहता का कहना है कि साल 2023-24 में चयनित बालिकाओं को स्कूटी वितरण कार्य चल रहा है, लेकिन 2022-23 में शेष रही बालिकाओं के लिए बाउचर जारी नहीं होने संबंधित कारणों के वजह से फिलहाल उनका वितरण कार्य नहीं हो रहा है। सत्र 2022-23 की करीब 143 स्कूटियां कॉलेज परिसर और 59 स्कूटियां डीलर के पास सुरखित रखी हुई हैं। मुख्यालय से आदेश मिलेंगे तब उनका भी वितरण कर देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *