झुंझुनूं में घूमने आए जर्मनी के एक टूरिस्टों के ग्रुप पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में करीब 15 टूरिस्ट घायल हो गए। इसका एक सीसीटीवी भी सामने आया है। इसमें टूरिस्ट गलियाें में भागते हुए नजर आ रहे हैं। मामला जिले के मंडावा कस्बे में बुधवार शाम का है। ये दल गोयनका हवेली के पास घूम रहा था। इसी दौरान ये हमला हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक हुए इस हमले में टूरिस्टों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
नवलगढ़ में रुके थे, गोयनका हवेली में किया हमला जानकारी के अनुसार जर्मनी से आया ये टूरिस्ट ग्रुप नवलगढ़ में रुका हुआ था। शाम को ये लोग मंडावा पहुंचे थे। यहां हवेलियों की फोटो शूट कर रहे थे। इसी दौरान टूरिस्टों का ये ग्रुप फतेहपुर रोड स्थित गोयनका हवेली पहुंचा। यहां वे उकेरी गई आर्ट् और भित्ति चित्रों को देख रहे थे। इसी दौरान हवेली के हिस्से से मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गई और टूरिस्टों पर हमला कर दियाञ इस दौरान सभी टूरिस्ट दौड़कर बाहर गलियों में भागे। लेकिन, वे इतनी भड़क चुकी थी कि, जिस गली में वे दौड़ रहे थे, वहां भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें एक टूरिस्ट मधुमक्खियों के काटने से ज्यादा घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ पर्यटकों ने हमले के दौरान हाथों से इन्हें हटाने की कोशिश की, जिससे वे ज्यादा भड़क गई। टूरिस्टों की आवाज सुन स्थानीय लोग उन्हें सुरक्षित जगह और कमरों में भागने का इशारा किया।
गाइड ने किया इलाज, होटल संचालक बोले- उसे ध्यान रखना चाहिए था इस हमले के बाद गाइड ने सभी को संभाला और मंडावा के हाॅस्पिटल लेकर पहुंचे। इसके बाद वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। वहीं स्थानीय होटल संचालक संदीप शर्मा ने बातया कि गाइड को ज्यादा ध्यान रखना चाहिए था। ये उसकी जिम्मेदारी बनतीहै कि ऐसी जगह को अवॉइड करे। इसके अलावा जिनकी हवेलियां है, उन्हें भी ध्यान देना चाहिए।


