भास्कर न्यूज | मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार ने विकासखण्ड पथरिया स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलतरा और डी.ए.वी. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जरेली का दौरा कर स्कूलों में चल रहे आधार पंजीयन और बायोमैट्रिक अपडेट कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने इस दौरान पंजीयन प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को इसे शीघ्र एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इससे बच्चों के दस्तावेज डिजिलॉकर में सुरक्षित रहेंगे और छात्रवृत्ति समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त होगा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों में शत-प्रतिशत आधार पंजीयन और अपडेट सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने प्री-बोर्ड परीक्षा के परिणामों की जानकारी भी ली और प्राचार्यों को कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें परीक्षा की तैयारी में मोबाइल और सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने, समय का सदुपयोग करने और 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने के लिए मेहनत करने का प्रेरक संदेश दिया। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय भी बच्चों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने मौजूद रहे। कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से भी बातचीत की और सर्वाधिक अंक पाने वाले छात्र हिमेश से विशेष चर्चा कर अन्य बच्चों को प्रेरित किया। उन्होंने सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछकर बच्चों में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाया। जरेली स्कूल के विद्यार्थियों के साथ उनके भविष्य के लक्ष्य पर चर्चा की। कक्षा 9वीं की छात्रा दुर्गा ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई, जबकि कक्षा 5वीं के छात्र कुणाल ने अपने लक्ष्य के बारे में जानकारी दी। 30 हजार बायोमैट्रिक अपडेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया मुख्य सचिव विकासशील के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में 5 से 15 वर्ष के बच्चों का आधार सेचुरेशन अभियान चलाया जा रहा है। ‘मोर आधार मोर पहचान’ अभियान के तहत स्कूलों में बच्चों का बायोमैट्रिक अपडेट और नया आधार पंजीयन कराया जा रहा है। ईडीएम चिप्स श्रीमती सोनम तिवारी ने बताया कि अब तक 4 हजार से अधिक बच्चों के आधार पंजीयन और बायोमैट्रिक अपडेट किए जा चुके हैं। जिले में कुल 40 हजार नए आधार कार्ड बनाने और 30 हजार बायोमैट्रिक अपडेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के माध्यम से शासकीय और निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले सभी योग्य बच्चों का आधार अपडेट और पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर कुंदन कुमार के इस दौरे से बच्चों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया।


