भास्कर न्यूज | अमलीपदर उरमाल में एक पिकअप वाहन में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे वाहन में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना आधी रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यार खान अपनी पिकअप से गांव-गांव और हाट-बाजारों में घूमकर साड़ी, जींस, बच्चों के कपड़े, स्कूल बैग, चूड़ी व अन्य फैंसी सामान बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोज की तरह सामान वाहन में ही रखा हुआ था। देर रात अचानक गाड़ी से किसी चीज के फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। घर की एक बुजुर्ग महिला आवाज सुनकर बाहर निकलीं तो देखा कि पिकअप धू-धू कर जल रही है। आग का भयावह दृश्य देखकर वे कुछ समय तक घबराहट में कुछ बोल नहीं पाईं। बाद में उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों और पड़ोसियों को सूचना दी। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन में रखा लगभग पूरा सामान जल चुका था। यार खान ने कहा कि किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस घटना से छह सदस्यीय परिवार की आजीविका पर गहरा संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि उनका पूरा व्यवसाय इसी वाहन और सामान पर निर्भर था।


