गिरोह में 76 वर्षीय बुजुर्ग के साथ युवा भी थे शामिल

भास्कर न्यूज| महासमुंद पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो कार से 11 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत 5.50 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 4 तस्करों को जेल भेजा गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो क्रमांक सीजी 10 एफए 5434 में गांजे की तस्करी की जा रही है। टास्क फोर्स ने तत्काल एनएच-53 पर ग्राम पुटका चौक के पास जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध बोलेरो वहां पहुंची, उन्हें रोक लिया। तलाशी लेने पर पिछली सीट के नीचे 11 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे यह माल पुटका (महासमुंद) से देवगांव (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कार (कीमत 7,00,000 रुपए), 4 नग मोबाइल फोन (कीमत 60,000रुपए), कुल जिसकी कीमत 13.10 लाख को जब्त किया। इनमें महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के आरोपी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य भी शामिल हैं। आरोपी उमेष भरत गोरे (23) पुणे, महाराष्ट्र, विशाल भाउ साहेब मानधरे (21) औरंगाबाद, मो. हबीब (45 वर्ष) बसना, जेहरू कुलदीप (76 वर्ष) पुटका, सिंघोड़ा (महासमुंद) पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। इस गिरोह में 76 साल के बुजुर्ग से लेकर 21 साल के युवक तक शामिल हैं, जो तस्करी के फैलते जाल की ओर इशारा करता है। महासमुंद पुलिस की इस मुस्तैदी ने एक बार फिर नशे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अब इस तस्करी के सोर्स पॉइंट और डेस्टिनेशन पॉइंट की गहराई से जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *