भास्कर न्यूज | सूरजपुर थाना प्रभारी और जेल अधीक्षक बनकर 75 हजार की ठगी करने वाले दो आरोपियों को सूरजपुर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के बहराइच जिले स्थित नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जेल में बंद युवक का नाम मामले से हटवाने का झांसा देकर उसके परिजनों से फोन-पे से रकम ठग ली थी। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज सहित अन्य सामग्री जब्त की है। ग्राम सिरसी निवासी चिंतामणी बंजारे (45) ने चौकी बसदेई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र अनिल बंजारे के खिलाफ थाना गांधीनगर में धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह जेल में बंद है। इसी दौरान अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को थाना प्रभारी और जेल अधीक्षक बताने वाले व्यक्ति ने उनके पुत्र का नाम मामले से हटवाने और जेल से छुड़ाने का झांसा दिया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर फोन-पे के माध्यम से 75 हजार अपने खाते में डलवा लिए। शिकायत की जांच के बाद चौकी बसदेई पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर 13 सितंबर 2025 को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की मौजूदगी उत्तरप्रदेश के बहराइच जिले में पाए जाने पर आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर उत्तरप्रदेश रवाना किया। टीम ने नेपाल बॉर्डर के पास बहराइच जिले में दबिश देकर आरोपी इमरान (22) और मोहम्मद आलम (29) निवासी पेटरहा, थाना मोतीपुर, जिला बहराइच को गिरफ्तार कर चौकी बसदेई लाया। आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर जेल से छुड़ाने के नाम पर 75 हजार रुपए की ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 3 बैंक पासबुक, 1 एटीएम कार्ड और 1 चेकबुक जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।


