भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर की जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी में अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। मंडी के ठेकेदार राजू ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि गेट नंबर-2 के पास आढ़तियों मोटो शुभम के साथियों ने शेड डालकर अवैध रूप से जगह घेर ली है। मौके पर लगाए गए एक बोर्ड पर शुभम का नाम और मोबाइल नंबर लिखे होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। बताया जा रहा है कि शुभम का नाम पहले बाथ केस गोलीकांड में सामने आ चुका है और वह फिलहाल फरार है। मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी हरविंदर सिंह ने कहा कि उन्हें फिलहाल किसी अवैध कब्जे की आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत की जांच करवाई जाएगी और यदि आरोप सही पाए गए तो तुरंत अड्डा हटाया जाएगा। वहीं मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह गिल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मंडी में कई आढ़तियों ने जबरन कब्जे किए हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ी तो “पीला पंजा” चलाकर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। जिस स्थान पर कब्जे का आरोप है, वहां मौजूद आढ़ती विंकल ने दावा किया कि कब्जा पुराना है। दस्तावेजों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने माना कि फिलहाल किसी के पास पुख्ता कागजात नहीं हैं और बोर्ड पर शुभम का नाम लिखा होना “गलती” हो सकता है। मामले ने मंडी में हलचल पैदा कर दी है।


