मंदिर से निकली कलश यात्रा, पूरे इलाके में गूंजे भजन

भास्कर न्यूज | लुधियाना बीआरएस नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर में अग्रवाल परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया। कथा के पहले दिन समूचा क्षेत्र प्रभु भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कथा की शुरुआत से पूर्व भव्य कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर परिसर से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाएं और प्रभु के संकीर्तन पर झूमते भक्तों ने पूरे वातावरण को वृंदावन धाम जैसा बना दिया। कलश यात्रा बीआरएस नगर का भ्रमण कर पुनः मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से कलश स्थापित कर कथा का श्रीगणेश किया गया। व्यास पीठ पर विराजमान श्रीधाम वृंदावन वाले पूज्य संत गोपीराम महाराज ने कथा के प्रथम दिन भागवत महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा वह पावन गंगा है जो मनुष्य के अंतःकरण को शुद्ध कर देती है। महाराज ने बताया कि कलियुग में केवल हरि नाम और प्रभु की लीलाओं का श्रवण ही जीव के कल्याण का मार्ग है। आरती और मंगलाचरण के साथ शुरू हुई इस कथा में पहले ही दिन श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा। इस धार्मिक अनुष्ठान के मुख्य आयोजक मनमोहन अग्रवाल, गायत्री अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, निधि अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल एवं रिचा अग्रवाल ने व्यास पूजन कर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। अग्रवाल परिवार ने बताया कि क्षेत्र में सुख-शांति और सद्भावना के उद्देश्य से इस दिव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया है। कथा का यह सिलसिला आगामी 18 फरवरी तक प्रतिदिन दोपहर 2:30 से सायं 6:30 बजे तक जारी रहेगा जिसमें भगवान श्री कृष्ण की विभिन्न लीलाओं का जीवंत वर्णन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *