लुधियाना| पंजाब में मानसिक स्वास्थ्य सहायता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई टेली-मानस हेल्पलाइन लोगों के लिए भरोसेमंद सहारा बनकर उभर रही है। सिविल सर्जन लुधियाना डॉ. रमनदीप कौर ने जानकारी दी कि इस हेल्पलाइन पर अब तक 35 हजार से अधिक कॉल प्राप्त हो चुकी हैं। इन कॉलों के माध्यम से लोगों ने मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, भावनात्मक सहयोग और मनोवैज्ञानिक सहायता के लिए संपर्क किया है, जो समाज में बढ़ती जागरूकता का संकेत है। डॉ. रमनदीप कौर ने बताया कि टेली-मानस भारत सरकार के नेशनल टेली मेंटल हेल्थ प्रोग्राम के अंतर्गत संचालित एक महत्वपूर्ण सेवा है। इसका उद्देश्य लोगों को निशुल्क, गोपनीय और 24 घंटे मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराना है। यह हेल्पलाइन प्रशिक्षित काउंसलरों के माध्यम से त्वरित सहायता, तनाव प्रबंधन के उपाय और मनोवैज्ञानिक प्राथमिक सहायता प्रदान करती है। आवश्यकता पड़ने पर कॉल करने वाले व्यक्ति को विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिक या मनोरोग चिकित्सक से भी जोड़ा जाता है। उन्होंने बताया कि इस सेवा के माध्यम से तनाव, चिंता, अवसाद, परीक्षा का दबाव, पारिवारिक या संबंधों से जुड़ी समस्याएं, नशा-संबंधी चिंताएं, नींद में परेशानी और अन्य संकट की स्थितियों में सहायता दी जा रही है। यह प्रणाली दो स्तरों पर कार्य करती है, जिसमें पहले स्तर पर काउंसलर मार्गदर्शन देते हैं और जटिल मामलों को दूसरे स्तर पर विशेषज्ञों तक पहुंचाया जाता है। कॉलों की लगातार बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि लोग अब मानसिक स्वास्थ्य को गंभीरता से लेने लगे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि वे भावनात्मक तनाव या मानसिक दबाव महसूस करें तो बिना किसी झिझक के सहायता लें। साथ ही उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्कूलों और परिवारों से भी इस सेवा के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि यह सेवा सप्ताह के सातों दिन और चौबीसों घंटे उपलब्ध है। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1800-89-14416 और 14416 पर कॉल कर इसका लाभ उठा सकते हैं।


