38वीं मॉडर्न पेंडू मिनी ओलिंपिक का जलवा आज से 15 तक

भास्कर न्यूज | लुधियाना माता साहिब कौर स्पोर्ट्स चैरिटेबल ट्रस्ट पिंड जरखड़ की ओर से हर साल आयोजित की जाने वाली जीएसटी ट्रक परमिट, कोका कोला, एवन साइकिल, 38वीं मॉडर्न पेंडू मिनी ओलिंपिक जरखड़ 13, 14 और 15 फरवरी को होगी। जिसको लेकर गुरु नानक स्टेडियम लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जरखड़ ट्रस्ट के चेयरमैन नरिंदरपाल सिंह सिद्धू, मुख्य प्रबंधक जगरूप सिंह जरखड़, प्रधान एडवोकेट हरकमल सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को खेलों का उद्घाटन सुबह 11 बजे होगा। जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों का मार्च पास्ट आकर्षण का केंद्र रहेगा। विभिन्न स्कूलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी खेल माहौल को और सुंदर बनाएंगी। इस मौके पर जरखड़ खेलों की ओलिंपिक खेल मशाल जन्नत-ए-जरखड़ म्यूजियम लाहौर (पाकिस्तान वाला लाहौर नहीं) से चलेगी और खिलाड़ियों के काफिले के रूप में जरखड़ खेल स्टेडियम पहुंचेगी। जहां राष्ट्रीय और इंटरनेशनल खिलाड़ी खेल मशाल को जलाएंगे। साथ ही खेलों की शुरुआत का ऐलान होगा। खेलों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री तरनप्रीत सिंह सोंद करेंगे। जबकि उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता हलका गिल के विधायक जीवन सिंह संगोवाल करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान चेयरमैन नरिंदर पाल सिंह सिद्धू के अलावा अमरीक सिंह मिन्हास पूर्व एआईजी पंजाब पुलिस, सरपंच संदीप सिंह जरखड़, सुखविंदर सिंह चेयरमैन लुधियाना स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन, तजिंदर सिंह जरखड़, परमजीत सिंह पम्मा ग्रेवाल, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी बलवंत सिंह बुड्ढेवाल, छिंदा जरखड़ मौजूद रहे। 7 व्यक्तित्वों का विशेष सम्मान होगा। इन खेलों में महिंदर प्रताप सिंह ग्रेवाल हॉकी गोल्ड कप और नायब सिंह ग्रेवाल जोधा कबड्डी कप खेलों का मुख्य आकर्षण होगा। उन्होंने बताया कि हॉकी लड़के और लड़कियां सीनियर वर्ग, हॉकी अंडर 15 साल लड़के, कबड्डी ओपन लुधियाना मलेरकोटला कबड्डी लीग के मुकाबले, कबड्डी बुजुर्गों की 50 साल धर्म सिंह जरखड़ कबड्डी कप, अमरजीत ग्रेवाल की याद में फुटबॉल लड़के अंडर 19 साल लड़कियों के मुकाबले, बाबा सुरजन सिंह सरींह की याद में रस्साकशी सीनियर वर्ग के मुकाबले, इसके अलावा प्राइमरी स्कूल के बच्चों की विभिन्न खेलें, रस्साकशी, दौड़, कबड्डी प्राइमरी स्कूल आदि खेलों के मुकाबले करवाए जाएंगे। फाइनल समारोह पर 15 फरवरी को दोपहर 2 बजे नामी लोक गायिका सतविंदर बिट्टी, जसवंत संदीला, नीतू विरक, गुरजान आदि अन्य गायकों का खुला अखाड़ा भी लगेगा। ड्रैगन अकादमी लुधियाना की ओर से सांस्कृतिक गीतों पर कोरियोग्राफी और डांस करके दर्शकों का मनोरंजन किया जाएगा। जरखड़ खेलों के विजेता खिलाड़ियों को जहां एवन साइकिल की ओर से 50 साइकिल दिए जाएंगे। हॉकी के विजेता खिलाड़ियों को भी विशाल साइकिल 20 साइकिल इनाम के रूप में देगी। इसके अलावा बड़े स्तर पर इनामी राशि भी मिलेगी। कबड्डी खिलाड़ियों को ढाई लाख रुपये और फुटबॉल में 10 लाख रुपये की इनामी राशि वितरित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *