नहरी पानी परियोजना में 11 माह में हुआ 22% जमीनी काम

भास्कर न्यूज | लुधियाना वर्ल्ड बैंक और एआईआईबी की फंडिंग से चल रहे नहर आधारित जल आपूर्ति प्रोजेक्ट की प्रगति का जायजा लेने के लिए वर्ल्ड बैंक के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दो दिवसीय दौरे के दौरान शहर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने परियोजना के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की और कार्यों की सराहना की। टास्क टीम लीडर रोसना नीति के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं और जमीनी स्तर पर स्थिति देखने के लिए विभिन्न साइटों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य इंजीनियर रविंदर गर्ग, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर पारुल गोयल और शाम लाल गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर गुरविंदर पाल सिंह, पीएमआईडीसी के पर्यावरण और सामाजिक प्रबंधक बादल सोनी तथा सामाजिक विकास विशेषज्ञ सुमित अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने गांव बिलगा में निर्माणाधीन 580 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पानी की टंकियों (ओएचएसआर) के निर्माण स्थलों और विभिन्न इलाकों में बिछाई जा रही पाइप लाइनों का निरीक्षण किया। वर्ल्ड बैंक टीम ने परियोजना शुरू होने के 11 महीनों में 22 प्रतिशत जमीनी तौर पर हुई प्रगति पर संतोष जताया और इसकी सराहना की। इसके अलावा पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की भी समीक्षा की गई, जिस पर टीम ने संतुष्टि व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि पर्यावरण और सामाजिक अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को वर्ल्ड बैंक से मंजूरी मिल चुकी है, जिससे यह परियोजना अंतरराष्ट्रीय मानकों और टिकाऊ विकास लक्ष्यों के अनुरूप साबित होती है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मेयर इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता के नेतृत्व में परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। परियोजना निगरानी समिति नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा कर रही है ताकि कामों की गति और गुणवत्ता बनी रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *