भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में आप का प्रदर्शन, बोले- किसानों और व्यापारियों के साथ धोखा

भास्कर न्यूज| जालंधर केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में किए गए भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) ने मोर्चा खोल दिया है। वीरवार को आप ट्रेड विंग और किसान विंग के पदाधिकारियों ने भगवान वाल्मीकि चौक पर जिला स्तरीय रोष प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि यह समझौता पूंजीवादी सोच से प्रेरित है और इससे छोटे व्यापारियों व किसानों की कमर टूट जाएगी। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ट्रेड विंग के जिला प्रधान इंदरवंश सिंह चड्ढा और अश्वनी कोहली ने कहा कि यह समझौता 1947 के पहले के दौर की याद दिलाता है, जब विदेशी ताकतों के इशारे पर फैसले होते थे। प्रदेश सचिव हरविंदरपाल सिंह मनोचा ने कहा कि इस समझौते का सीधा लाभ केवल बड़े कॉरपोरेट घरानों को मिलेगा। किसान विंग के प्रधान नरवेल सिंह कंग ने कहा कि देश का किसान पहले ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए संघर्ष कर रहा है। ऐसे में विदेशी व्यापार समझौतों से स्थानीय कृषि बाजार में असमान प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इस मौके पर डॉ. अमित शर्मा, नवनीत सिंह जुनेजा, अजयेश शर्मा, नरेंद्र सिंह, चंदन सिंगला, मनविंदर सिंह विर्दी समेत अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *