रोहित कृष्ण का स्टार्टअप एयरसेंस लैब्स राष्ट्रपति के सामने पेश, 50 करोड़ के वैल्यूएशन तक पहुंचा

जालंधर | लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के छात्र रोहित कृष्ण की ओर से स्थापित डीप-टेक क्लीन-एयर स्टार्टअप एयरसेंस लैब्स ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान हासिल की है। हाल ही में इस स्टार्टअप ने नई दिल्ली में माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के समक्ष अपने स्वदेशी इनोवेशन का प्रदर्शन किया। यूनिवर्सिटी के रिसर्च इकोसिस्टम और ₹5.7 लाख की वित्तीय सहायता से शुरू हुआ यह वेंचर अब एक सफल कमर्शियल स्पिन-आउट में बदल चुका है। स्टार्टअप ने अपनी व्यावसायिक मजबूती दर्ज करते हुए भारत की दूसरी सबसे बड़ी रेल और मेट्रो इक्विपमेंट निर्माता कंपनी के साथ एक रणनीतिक समझौता किया है, जिसके तहत उन्हें 3,000 यूनिट्स का कन्फर्म ऑर्डर मिला है। इसके साथ ही अगले महीने देश भर के रेल कॉरिडोर में 100 यूनिट्स के साथ पायलट ट्रायल शुरू किया जाएगा। वित्तीय मोर्चे पर स्टार्टअप को ₹50 करोड़ के वैल्यूएशन पर ₹6 करोड़ का निवेश ऑफर मिला है और आने वाले वर्ष में ₹15 करोड़ से अधिक के राजस्व का अनुमान है। एलपीयू की प्रो चांसलर डॉ. कर्नल रश्मि मित्तल ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह यूनिवर्सिटी की एडुरेवोल्यूशन पहल का परिणाम है, जो छात्रों को केवल डिग्री ही नहीं बल्कि समाज के लिए उपयोगी इनोवेटर और जॉब क्रिएटर बनने के लिए प्रोत्साहित करती है। इस सफलता के बाद टीम को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के साथ बातचीत के लिए भी आमंत्रित किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *