48 हाथियों ने धोबीबारी में 10 मकानों को तोड़ा, 9 किसानों की फसल को नष्ट किया

भास्कर न्यूज | कोरबा वन मंडल कटघोरा के जटगा रेंज में घूम रहे 48 हाथियों ने कटोरीनगोई पंचायत के धोबीबारी में 10 मकानों को तोड़ दिया। इस वजह से ग्रामीण दहशत में हैं। इधर कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज में 2 दंतैल हाथियों ने 9 किसानों की धान की फसल को चौपट कर दिया। हाथी अब आक्रामक होते जा रहे हैं। इस वजह से वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने मुनादी कराई है। जटगा रेंज हाथियों का झुंड 1 महीने से घूम रहा है। हाथी अब भोजन की तलाश में गांव में घुसने लगे हैं। 48 से अधिक हाथियों के आने से ग्रामीण भी परेशान हैं। धोबीबारी में पंडों, रजवार, गोंड़ समाज के लोग रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड शाम 4 बजे ही गांव की सीमा में प्रवेश कर जाता है। हाथियों ने मवेशियों को कुचलकर मार डाला। इस वजह से घर से भागकर जान बचानी पड़ी। हाथी घर में रखा राशन भी खा गए। विभाग की टीम हाथियों को गांव में घुसने से रोकने कोई उपाय भी नहीं कर पा रही है। इस वजह से ग्रामीण स्वयं ही सुरक्षित स्थान पर जाकर अपनी जान बचा रहे हैं। कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज में धरमजयगढ़ से दो दंतैल हाथी पहुंचे हैं। हाथियों ने चिर्रा और लबेद में नाला किनारे लगी धान की फसल को चौपट कर दिया। करतला रेंज में घूम रहे 11 हाथी अभी शांत है। ग्रामीणों ने बताया कि मकान को तोड़ने से बेघर जैसी स्थिति हो गई है। इस क्षेत्र में हाथियों ने नया ठिकाना बनाया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *