भास्कर न्यूज | कोरबा बांगो बांध में 79.93 प्रतिशत पानी का भराव है। इसके बाद भी नहर लाइनिंग की मरम्मत कराने रबी में सिंचाई का रकबा घटाकर 25 हजार हेक्टेयर कर दिया है। दोनों नहरों की मरम्मत के लिए 88 करोड़ रुपए के 35 कार्यों की मंजूरी मिली है। इनमें से करीब 50 करोड़ रुपए का टेंडर हो चुका है। अभी दांयीं तट नहर में 1596 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांगो बांध से खरीफ में सिंचाई क्षमता 2 लाख 47 हजार 400 हेक्टेयर है। रबी की सिंचाई क्षमता 1 लाख 73 हजार हेक्टेयर है। बांयीं तट नहर की लाइनिंग टूट चुकी है। इसकी वजह से नहर के फूटने का डर बना रहता है। इसकी मरम्मत के लिए 48 करोड़ की मंजूरी मिली है। इसी तरह अकलतरा शाखा नहर की मरम्मत के लिए 34 करोड़ रुपए और जांजगीर शाखा नहर के लिए 9.44 करोड़ रुपए के 5 कार्य मंजूर है। बांयीं तट नहर की मरम्मत करने ही रबी में पानी नहीं देने का निर्णय लिया है। दांयीं तट नहर से 25 हजार हेक्टेयर में सिंचाई के लिए पानी दिया जा रहा है।


