रांची नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। हजारों वोटरों का वार्ड बदल गया है जिसके कारण वोटर लिस्ट में नाम ढूंढने से लेकर बूथ तक खोजना मुश्किल हो रहा है। हजारों लोगों का बूथ ढाई से तीन किलोमीटर दूर हो गया है। कई वार्डों के मतदाताओं का नाम दूसरे वार्ड में दिख रहा है। कई परिवार ऐसे हैं जिनके सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं। पति का नाम अलग बूथ में तो पत्नी का नाम अलग बूथ में है। वर्षों से मतदान करते आ रहे मतदाताओं के नाम भी सूची में नहीं मिल रहे हैं। इससे मतदाताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। अशोक अग्रवाल, मनोज कुमार और अजय अग्रवाल लालपुर पीएनटी कॉलोनी के निवासी हैं। इन्होंने बताया कि पहले इनका नाम वार्ड नंबर-11 के वोटर लिस्ट में था और उनका बूथ घर से करीब 200 मीटर दूर जेसी रोड स्थित डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल में था। लेकिन, इस बार उनका वार्ड ही बदल दिया गया है। अब इन लोगों का नाम वार्ड-10 के वोटर लिस्ट में डाल दिया गया है। इनका बूथ भी घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर तिरिल तालाब के पास आदर्श विद्या मंदिर कर दिया गया है। इन लोगों ने बताया कि मोहल्ले के करीब 200 मतदाता ऐसे होंगे, जिनका वार्ड ही बदल दिया गया है। इससे इन्हें काफी परेशानी हो रही है। पीडीएफ से नाम खोजने में करनी पड़ रही माथापच्ची जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को एनआईसी के पोर्टल पर जारी किया है। लेकिन, पीडीएफ फाइल होने से मतदाताओं को अपना नाम खोजने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। काफी लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम भी नहीं दिखाई दे रहा है। इससे परेशान होकर अब मतदाता समाहरणालय का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन उनकी बातों को नहीं सुना जा रहा है। मतदाताओं के साथ प्रत्याशी भी अपने वार्ड क्षेत्र के मतदाताओं को खोज रहे हैं। उनके वार्ड की सूची में पुराने मतदाता का नाम नहीं देखने पर प्रत्याशी प्रशासन के पास पहुंच रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग पहुंची गड़बड़ी की शिकायत वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग तक पहुंच गई है। अस्तित्व अखिल भारतीय बांग्ला भाषी समन्वय परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को आयोग के अधिकारियों को मतदाता सूची में गड़बड़ी से संबंधित शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि निगम क्षेत्र के अनेक वार्डों में अधिकारिक रूप से वार्डों का परिसीमन नहीं किया गया। इस से काफी संख्या में वोटरों का नाम उनके वास्तविक निवासित वार्ड की मतदाता सूची में नहीं है। परिषद के अध्यक्ष अभिजीत दत्ता गुप्ता ने मतदान से पहले सूची की गड़बड़ी में सुधार करने की मांग की है। मौके पर अभिजीत भट्टाचार्य, पार्थ प्रतिम दास गुप्ता, उत्तम बनर्जी, सुदिप्तो भट्टाचार्य, देबाशीष दत्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। सभी वार्ड की मतदाता सूची अपलोड : नोडल पदाधिकारी नगर निगम चुनाव के नोडल पदाधिकारी सह पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि जिस मतदाता सूची पर विधानसभा का चुनाव हुआ था, उसी सूची के के आधार पर नगर निकाय चुनाव हो रहा है। पोर्टल पर सभी वार्ड की मतदाता सूची अपलोड कर दी गई है, ताकि वोटरों को परेशानी न हो।


