भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित ‘सरगुजा ओलंपिक’ अब अपने रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गया है। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने विधिवत पूजा-अर्चना और खेल ध्वज फहराकर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा स्टेडियम खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना से गूंज उठा। विधायक भगत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 1600 जूनियर खिलाड़ी, बालक एवं बालिका वर्ग से भाग ले रहे हैं। एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल सहित अन्य स्थानीय खेलों में प्रतिभागी अपना कौशल दिखा रहे हैं। सुबह से ही स्टेडियम में खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा रहा। जिले के सुदूर क्षेत्रों से आए बच्चों के लिए यह जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा अवसर है। आज सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ी आगे संभाग और राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। गुरुवार को जूनियर वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जबकि शुक्रवार को सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। जिला प्रशासन और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राम प्रताप सिंह, नपा अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत, नपा उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और जिला खेल अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


