भास्कर न्यूज | धमतरी सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल धमतरी के 7वीं के छात्रों ने शिक्षक अक्षत अग्रवाल के संरक्षण में एक निजी दाल मिल का शैक्षणिक भ्रमण किया। इसमें 36 विद्यार्थी शामिल हुए। पहले दिन छात्रों को दाल मिल की कार्यप्रणाली तथा दैनिक पोषण में दालों के महत्व की जानकारी दी गई। मिल के अधिकारियों ने यहां प्रसंस्कृत विभिन्न प्रकार की दालों एवं उनके स्रोतों के बारे में बताया। छात्रों ने देखा कि किस प्रकार खेतों से लाई गई कच्ची दालों को धूल, कंकड़ एवं अन्य अशुद्धियों से साफ किया जाता है। उन्हें दालों की धुलाई, सुखाने, सफाई एवं ग्रेडिंग के लिए प्रयुक्त आधुनिक मशीनों की जानकारी दी गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के महत्व को समझाया गया। दूसरे दिन दालों के आगे के प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग चरणों पर केंद्रित रहा। छात्रों ने गुणवत्ता एवं आकार के अनुसार दालों की छंटाई, पॉलिशिंग प्रक्रिया तथा वजन कर पैक करने की विधि को प्रत्यक्ष रूप से देखा। साथ ही यह भी जाना कि किस प्रकार पैक की गई दालें बाजार तक पहुंचती है। संस्था प्राचार्य तृप्ति राय ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता तथा कृषि उत्पादों की यात्रा में खेत से घर तक की व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई।


