नागौर में एसई कार्यालय में टेक्निकल डायरेक्टर मुकेश चंद बाल्डी ने बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। एसई कार्यालय में हुई बैठक में मेड़ता व डेगाना के बिजली विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक से पहले डायरेक्टर मुकेश चंद बाल्डी ने बताया कि खींवसर में फर्जी बिलों के भुगतान मामले को लेकर एसई के निर्देशन में एक जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डायरेक्टर बाल्डी ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डायरेक्टर बाल्डी ने कहा कि बिजली विभाग का अटका हुआ राजस्व जल्द से जल्द वसूल करने की जरूरत है। अजमेर डिस्कॉम ने अन्य सभी जिलों में लक्ष्य का 95 फीसदी से अधिक रिकवरी का काम पूरा कर लिया है। लेकिन नागौर में काफी रिकवरी अटकी हुई है, ऐसे में इसे जल्द पूरा किया जाना चाहिए। 10 मार्च से पहले सभी अधिकारियों को लक्ष्य पूरे करने होंगे। स्पॉट बिलिंग के जरिए रिकवरी में तेजी आएगी।


