सिटी रिपोर्टर| भिलाई नगर निगम भिलाई ने एक बार फिर से अपना खाली जमीन 30 साल के लिए लीज पर देने वाला है। इसके लिए ऑनलाइन िनविदा जारी है। निगम ने इस बार अपने 100 आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं के तहत रिक्त भुखण्डो को स्थायी लीज पर देने का फैसला किया है। जो भी जमीन लेना चाहते है, उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा। मोतीलाल नेहरू नगर पूर्व आवासीय योजना के विभिन्न ब्लॉकों में 63 से 216 वर्गमीटर तक के भूखण्ड उपलब्ध हैं। दक्षिण गंगोत्री व्यावसायिक योजना में 33.75 वर्गमीटर के भूखण्ड शामिल हैं। मदर टेरेसा नगर आवासीय योजना, प्रियदर्शिनी परिसर पश्चिम व्यावसायिक योजना और सुपेला जीई रोड स्थित प्रियदर्शिनी परिसर में भी भूखण्ड लीज पर दिए जाएंगे। इसके अलावा बसंत विहार आवासीय योजना में एमआईजी, एलआईजी एवं एचआईजी श्रेणी के 135 से 270 वर्गमीटर तक के भूखण्ड शामिल किए गए हैं। निविदा प्रक्रिया में कोई भी वयस्क भारतीय नागरिक भाग ले सकता है। इच्छुक निविदा कारों को सबसे पहले ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर पंजीयन कर डिजिटल सिग्नेचर टोकन बनवाना अनिवार्य होगा, जिसे अधिकृत च्वाइस सेंटर से प्राप्त किया जा सकता है। पंजीयन के बाद आईडी, पासवर्ड और डिजिटल सिग्नेचर पिन के माध्यम से ऑनलाइन निविदा में भाग लिया जा सकेगा। निर्धारित धरोहर राशि भी ऑनलाइन जमा करनी होगी। निगम के अनुसार भूखण्ड अधिकतम प्रीमियम राशि के आधार पर आवंटित किए जाएंगे।


