कैंटोनमेंट की कोठी नं. 19 का प्रशासन ने लिया कब्जा, शिफ्ट कराए 31 परिवार

भास्कर न्यूज | अमृतसर सदर बाजार कैंट स्थित कोठी नंबर 19 का कब्जा जिला प्रशासन ने वीरवार को पूरी तरह से खाली करवा लिया। इस कोठी में रहने वाले 31 परिवार अपने सामान को लेकर रवाना हो गए। पिछले 80 बरसों से यहां रह रहे परिवार अपना घर छोड़ने के समय भावुक दिखे और इंडियन आर्मी और प्रशासन को कोसते रहे। इनमें छोटे बच्चे और स्टूडेंट्स भी थे। अपने घरों को खाली करके जाते हुए बच्चे रोते-बिलखते रहे। आखिरकार प्रशासन इस कोठी को खाली करवाने में सफल रहा। इन परिवारों को माल मंडी में फ्लैट अलाट किए गए हैं। कुछ परिवार वहां जाने को राजी हो गए, तो कुछ कहीं ओर रवाना हो गए। वीरवार को भी एसडीएम-2 मनकंवल सिंह चाहल पुलिस दल बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और जब तक कोठी खाली नहीं हुई, तब तक वह वहीं पर रहे। उनका कहना था कि नियमों के मुताबिक इन परिवारों को यहां से हटाया गया है। बता दें कि इंडियन आर्मी और कोठी के मालिक का सुप्रीम कोर्ट में केस चल रहा था और इंडियन आर्मी की तरफ से यह केस जीत लिया गया, जिसके बाद उक्त कोठी को खाली करवाने के आदेश जारी हुए थे। वर्ष 2019 में यह आदेश हुए, जिसके बाद प्रशासन कई बार यहां से कब्जा लेने के लिए पहुंचा था, लेकिन उन्हें बैरंग ही लौैटना पड़ रहा था। क्योंकि लोगों की मांग थी कि पहले उन्हें बसाया जाए फिर यहां से उजाड़ा जाएं। जिसके पश्चात जिला प्रशासन की ओर से उक्त परिवारों को माल मंडी में फ्लैट अलाट किए गए और उन्हें यहां से भेजा गया। यहां से सामान लेकर जाने तक का सारा बंदोबस्त प्रशासन की ओर से करवाया गया। प्रशासन बुधवार को भी यहां कोठी खाली करवाने के लिए पहुंचा था। करीब साढ़े 10 घंटे की मशक्कत के बाद यहां से 5 परिवार अपना सामान लेकर रवाना हुए थे और बाकियों ने वीरवार को खाली करने के लिए कहा था, जिसके बाद वीरवार को प्रशासन फिर से यहां पहुंचा और बाकी का रहता कब्जा खाली करवाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *