हिमाचल बीजेपी में आंतरिक कलह:पूर्व विधायक ने पूर्व मंत्री पर लगाए जातिवाद के आरोप; देहरा के MLA को बताया लापता

हिमाचल प्रदेश की देहरा विधानसभा में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बीजेपी के पूर्व विधायक होशियार सिंह ने पूर्व मंत्री रमेश धवाला पर जातिवाद की राजनीति करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कुछ नेता मीडिया में जाकर पार्टी विरोधी बयानबाजी कर रहे हैं, जो संगठन को कमजोर कर रही है। होशियार सिंह ने वर्तमान विधायक कमलेश ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक क्षेत्र से गायब हैं और उनका पता नादौन से मिलता है। देहरा में खोला गया मुख्यमंत्री कार्यालय भी तालाबंद पड़ा है। क्षेत्र का विकास पूरी तरह ठप है और विकास कार्य केवल चौकों तक ही सीमित हैं। क्षेत्र की विकास स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने बताया कि ईडी द्वारा जेल भेजे गए ठेकेदार ने सड़क निर्माण का काम सबलेट कर दिया है। इससे सड़कों की गुणवत्ता खराब हो रही है और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही पानी की आपूर्ति भी प्रभावित है, जिससे लोगों को चार दिन बाद पानी मिल रहा है। स्थानीय लोग विकास कार्यों की शिकायत लेकर उनके पास आ रहे हैं, लेकिन वह अब विधायक नहीं हैं। बोलने से ताजमहल नहीं बन जाता- होशियार सिंह विकास कार्यों पर टिप्पणी करते हुए होशियार सिंह ने कहा, “बोलने से ताजमहल नहीं बन जाता।” उन्होंने कहा कि मामूली मुद्दों – जैसे 1500 रुपए, गोबर और दूध – पर चर्चा नहीं कर रहा हूं। असली समस्या यह है कि आज मनरेगा मजदूरों को दिहाड़ी नहीं मिल रही, लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। होशियार सिंह का दावा है कि 70 करोड़ रुपए की राशि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में लाने के बावजूद, ऐसे ठेकेदारों को ठेकों पर काम सौंप दिया गया है जो अब जेल में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *