राजधानी के प्रमुख और व्यस्त सड़कों को जाम से मुक्त रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट और नगर निगम का अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत टीम ने जयस्तंभ चौक से चिकनी मंदिर, एवरग्रीन चौक से औलिया चौक तक की सड़क को दुकानदारों से कब्जा मुक्त कराया। इन सड़कों की चौड़ाई करीब 26 फीट की है, जिसमें से 10 फीट पर कब्जा किया गया था। यही कारण है कि आए दिन इन सड़कों पर जाम की स्थिति निर्मित होती है। पुलिस के साथ निगम की टीम गुरुवार को इन सड़कों पर उतरी और दुकानों में शेड बनाए गए 25 शेड को जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। उनसे करीब 30 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। दुकान सजाने के लिए बनाए गए रॉड के स्थायी शेड को भी जेसीबी की मदद से तोड़ा गया। रेस्टोरेंट्स के बाहर लगे ठेलों को जब्त कर चालानी कार्रवाई की गई। ऐसे 50 ठेले-गुमटियों को जब्त किया गया। हालांकि कुछ घंटों के बाद फिर दुकानें लग गईं। इस दौरान निगम के जोन क्रं. 4 की टीम प्रहरी के साथ गोलबाजार और कोतवाली थाना के अधिकारी और बल मौजूद रहे। जोन 4 कमिश्नर अरुण ध्रुव के मुताबिक बाजारों की सड़कों को मुक्त कराने के लिए टीम प्रहरी का अब व्यापक स्तर पर चलेगा। आज 5 घंटे तक अभियान चलाया गया है। इसमें 25 दुकानों के शेड तोड़े गए, 50 से अधिक ठेले-गुमटी और सामानों को जब्त कर चालानी कार्रवाई की गई। सड़क को कब्जा मुक्त बनाए रखने के लिए आम लोग भी सहयोग करें क्योंकि यह अभियान अब हर रोज चलेगा। 25 शेड तोड़े, 50 ठेले जब्त, जुर्माना भी, लेकिन कुछ घंटे बाद फिर लगीं दुकानें
4.00 बजे से शुरू हुआ अभियान
सड़क को कब्जा मुक्त करने की कार्रवाई शाम 4 बजे से शुरू हुई। टीम जोन 4 कार्यालय के पीछे एकत्रित हुई और वहीं से अभियान की शुरुआत की। नालियों के ऊपर ठेले लगाकर व्यापार करने वाले और जाम लगाने वाले ठेले और स्थाई शेड को तोड़ा गया। हड़बड़ाए दुकानदार अपना सामान समेटने लगे। 5.00 बैजनाथपारा से ठेले वाले भागे
टीम बैजनाथपारा के मुख्यमार्ग में पहुंची तो हाथ ठेले पर सामान रखकर बेचने वाले लोग गायब हो गए। टीम ने सिर्फ उन्हें ठेले-गुमटियों को जब्त किया, जो सड़क पर दुकानों के आगे स्थाई तौर पर रखे गए थे। टीम को दुकानों के बाहर जो भी सामान सजा हुआ मिला, उसे पिकअप में रखकर जब्त करते हुए आगे चलते रहे। 6.00 जयस्तंभ चौक पर शेड तोड़े गए
टीम जयस्तंभ चौक पहुंची। स्थायी दुकानदारों ने जो 10-10 फीट तक अपने दुकान बढ़ा रखे थे, उनपर निगम का डंडा चला। दुकान में बढ़ाए गए शेड को तोड़ा गया। कुछ दुकानदारों ने विरोध की कोशिश की, लेकिन टीम आगे बढ़ती रही। जयस्तंभ चौक से यूटर्न लेकर दूसरी लेन को कब्जा मुक्त कराते चलती रही। 7.00 एवरग्रीन चौक हो गया खाली
चिकनी मंदिर से एवरग्रीन चौक वाली सड़क पर हमेशा शाम के वक्त दुकानें लगती हैं। 22 फिट की सड़क सिमटकर 5 फीट की ही रह जाती है। टीम जब दूसरी लेन को कब्जा मुक्त कराते हुए चिकनी मंदिर से एवरग्रीन चौक के लिए मुड़ी तो यह मार्ग पहले ही खाली हो गया था। 8.00 बजे कपड़ा मार्केट में हलचल
शास्त्री बाजार के कपड़ा मार्केट के व्यापारियों में भी हलचल मच गया। दुकानदार दुकान के आगे कई फीट तक टंगे कपड़ों और रॉड को हटाने लगे। टीम प्रहरी ने भी रॉड, हैंगर और कपड़े जो उनके हाथ में लगा उसे जब्त कर लिया। सड़क पर सब्जी और मछली के दुकान लगाने वाले दुकानदार पहले ही गायब हो चुके थे। गजब है…कार्रवाई के बाद टीम लौटी तो सड़क पर फिर सजी दुकानें कार्रवाई के बाद पुलिस और निगम की टीम वापस रवाना हो गई। इसके बाद इन तीनों सड़कों पर एक बार फिर से कब्जा शुरू हो गया। मालवीय रोड के दुकानदारों ने फिर से कब्जा कर लिया। दुकानदारों ने सामान सड़क पर निकाल लिया। यही हाल चिकनी मंदिर से एवरग्रीन चौक जाने वाली सड़क का रहा। यहां दुकानदारों ने आधे सड़क पर सामान निकालकर कब्जा कर लिया।
रायपुर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, सभी सहयोग करें
शहर में सड़कें चौड़ी हैं, लेकिन उस पर कब्जा होने के चलते ही जाम की स्थिति निर्मित होती है। हम शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। इसके तहत पहले मौदहापारा और केके रोड को अभियान चलाकर कब्जामुक्त कराया गया। अब इसी क्रम में मालवीय रोड, शास्त्री बाजार को कब्जामुक्त कराया गया है। इससे आम जनता को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। इसके लिए सभी सहयोग करें।
– डॉ. संजीव शुक्ला, कमिश्नर ऑफ पुलिस


