भास्कर न्यूज | लुधियाना संग्रांद के पावन अवसर पर गुरुद्वारा नानकसर ठाठ जगराओं में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। अमृत वेले हजारों की संख्या में संगत ने एकत्र होकर सामूहिक सिमरन किया। माघ महीने की समाप्ति पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठों का भोग डाला गया और फाल्गुन महीने की शुरुआत के लिए अरदास की। नानकसर ठाठ के मुखी बाबा लखा सिंह ने संगत को गुरबाणी से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि जो संगत माघ महीने में पूरी श्रद्धा और सेवा भाव से सिमरन करती है, उसे गुरु नानक देव जी पूरे वर्ष का आशीर्वाद प्रदान करते हैं। इस अवसर पर जालंधर, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में संगत पहुंची। संगत ने मिलकर पांच बाणियों का पाठ किया और धन-धन बाबा नंद सिंह जी का सिमरन किया। संगत की ओर से अलग-अलग प्रकार के लंगर लगाए गए। सेवा भाव से प्रेरित होकर युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर लंगर और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। बाबा लखा सिंह ने संगत से अपील की कि वे अपने बच्चों को गुरबाणी और गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से जोड़ें। नानकसर ठाठ जगराओं में मौजूद संगत।


