बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने रविवार को दतिया के कस्बा बड़ौनी पहुंचे। 37 साल पहले फिल्म ‘यतीम’ की शूटिंग यहीं हुई थी। इस दौरान उन्होंने बड़ी हवेली में जाकर पुरानी यादों को ताजा किया और स्थानीय गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन भी किए। सनी देओल वर्तमान में अपनी आगामी फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह शूटिंग दतिया से लगभग 50 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के झांसी के बबीना स्थित सैन्य क्षेत्र में चल रही है। वे अपने निजी बॉडी गार्ड्स के साथ सीधे बबीना से बड़ौनी पहुंचे और बाद में झांसी के लिए रवाना हो गए। उनके अचानक आगमन की सूचना स्थानीय पुलिस को भी नहीं थी। जैसे ही लोगों को उनकी मौजूदगी का पता चला, तो उनके फैन्स सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़े। सनी देओल का यह दौरा उनके करियर के शुरुआती दिनों की यादों से जुड़ा हुआ था, जब 1986 में उन्होंने इसी कस्बे में अपनी फिल्म ‘यतीम’ की शूटिंग की थी।


