ऑपरेशन ‘प्रहार 2.0’ पर सवाल:दिल्ली पुलिस ने लुधियाना से दबोचा ड्रग लॉर्ड पंकज राजपूत, 5 दिन से शहर में छिपा था

पंजाब के लुधियाना में गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के बीच लुधियाना पुलिस के दावों पर सवाल खड़े हो गए है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात ड्रग लॉर्ड और कैटेगरी-बी गैंगस्टर पंकज राजपूत को शहर के जमालपुर स्थित पुनीत नगर से गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि राजपूत पिछले पांच दिनों से शहर में अपने एक रिश्तेदार (जीजा)के घर छिपा हुआ था और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। दिल्ली पुलिस लुधियाना पुलिस को सूचना देकर आरोपी को अपने साथ दिल्ली ले गई, जहां उसके खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। 16 से ज्यादा केस, 2023 में जमानत पर छूटकर भागा था अमेरिका पंकज राजपूत के खिलाफ लुधियाना के डिवीजन नंबर-2, बस्ती जोधेवाल, डिवीजन नंबर-7 के अलावा संगरूर, फिरोजपुर और बठिंडा में करीब 16 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में वह जमानत पर छूटने के बाद अमेरिका फरार हो गया था। इससे पहले 2019 में जब वह लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था, तब उसके पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ था। इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने लुधियाना पुलिस की मदद से राजपूत को गिरफ्तार किया है। उन्होंने दावा किया कि राजपूत लुधियाना पुलिस को वांछित नहीं था। हालांकि सूत्रों के अनुसार राजपूत का नाम कई मामलों में आरोपियों की पूछताछ के दौरान सामने आता रहा है और वह स्थानीय पुलिस के रडार पर था। पहले भी पकड़े जा चुके हैं गैंग के सदस्य पंकज राजपूत के नेटवर्क को लेकर पहले भी कई बड़े खुलासे हो चुके हैं। 18 अगस्त 2025 को CIA स्टाफ लुधियाना ने उसके सहयोगी मुकुल मट्टू को गिरफ्तार कर 1.05 किलो हेरोइन, 3 अवैध पिस्तौल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। 20 मई 2025: लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने जगराओं में मुठभेड़ के बाद रोशन सिंह को गिरफ्तार किया था, जो 15 से अधिक मामलों में नामजद है। पुलिस को शक था कि वह पंकज राजपूत के इशारे पर काम कर रहा था। 24 मार्च 2023: एसटीएफ लुधियाना ने 2.230 किलो हेरोइन के साथ चार आरोपियों को पकड़ा था। यह ड्रग रैकेट पंकज राजपूत द्वारा संचालित बताया गया था। 15 जुलाई 2022: CIA स्टाफ ने राजपूत गैंग के तीन सदस्यों को .32 बोर देसी पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस और दो तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार किया था। ‘प्रहार 2.0’ पर उठे सवाल हाल ही में लुधियाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत 232 अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया था। लेकिन कुख्यात ड्रग लॉर्ड का शहर में पांच दिन तक छिपा रहना और दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि दिल्ली पुलिस की पूछताछ में इस अंतरराज्यीय ड्रग और हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े और कौन-कौन से नाम सामने आते हैं। सूत्रों मुताबिक दरेसी मैदान के आस-पास के इलाकों में पंकज राजपूत का नेटवर्क चलता है। इस इलाके का एक कुख्यात गैंगस्टर राजपूत के लिए काम करता रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *