भास्कर न्यूज | कांकेर जिला में पदस्थ नए एसपी निखिल राखेचा ने गुरुवार को पुलिस अधिकारी व थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। जिले में हो रहे अपराधों की समीक्षा करने के साथ ही सभी को अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गुंडा बदमाश व हिस्ट्रीशीटर पर हमेशा निगरानी बनाए रखने कहा गया है, ताकि अपराध के आंकड़े को कम किया जा सके। एसपी ने कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग आयोजित की। जिसमें थाना, चौकी प्रभारियों को प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण करने कहा गया। असामाजिक तत्व एवं अपराधियों पर कार्रवाई हेतु विजिबल पुलिसिंगके निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि प्रकरणों की जांच पूर्ण हो चुकी है, उनमें शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए। लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण करने विशेष अभियान चलाने और स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने कहा गया। गंभीर अपराधों में आरोपियों को शीघ्र एवं प्रभावी दंड दिलाने अभियोजन शाखा के साथ समन्वय स्थापित कर मजबूत पैरवी करने, केस डायरी को व्यवस्थित रखने तथा विवेचना में तकनीकी एवं कानूनी पहलुओं का विशेष ध्यान रखने कहा गया। विवेचना की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष बल दिया गया, ताकि न्यायालय में दोष सिद्धि प्रतिशत में वृद्धि हो सके। असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों एवं निगरानी बदमाशों पर सतत निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक करने के निर्देश दिए गए। नियमित गश्त व चेक पोस्ट में चौकसी करें: एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग, रात्रि गश्त एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चेक पोस्टों को सक्रिय एवं चाक चौबंद रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने कहा गया। लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: एसपी राखेचा ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी। विश्वास ही पुलिस की पूंजी: एसपी ने स्पष्ट किया कि आमजन का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, इसलिए जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाए। थाने में फरियादियों से शालीनता से आएं पेश इसके अलावा एसपी ने थानों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने कहा। बैठक में सभी एसडीओपी व थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित थे।


