रींगस-सीकर रेलवे ट्रैक अब डबल होगा:470 करोड़ रुपए की मंजूरी, शेखावाटी की पूर्वी व दक्षिणी भारत से कनेक्टिविटी बढ़ेगी

राजस्थान बजट के दूसरे दिन सीकर जिले‌ को केंद्र सरकार से बड़ा तोहफा मिला है। सीकर से रींगस तक ब्राॅडगेज का अब डबल रेलवे ट्रैक होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के PRO अमित सुदर्शन ने बताया- केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रींगस-सीकर, 50 किलोमीटर ट्रैक को डबल‌ करने के लिए 470.34 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत जारी की है। ये ट्रैक डबल होने से रींगस, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में फास्ट रेलवे नेटवर्क की सुविधा मिलेगी। वहीं, शेखावाटी क्षेत्र की जयपुर और दिल्ली समेत पूर्वी-दक्षिणी भारत से रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। शेखावाटी इलाका पर्यटन, सेना और शिक्षा की दृष्टि से बहुत महत्‍वपूर्ण स्थान है। शेखावाटी में सीकर, बगड़, पिलानी और लक्ष्मणगढ़ को एजुकेशन हब माना जाता है। वहीं, बिसाऊ, चिराना, डूंडलोद, चिड़ावा, फतेहपुर, काजड़ा, महनसर और नवलगढ़ अपनी सोने-चाँदी की भित्ती चित्रों वाली हवेलियों के लिए प्रसिद्ध है। खाटूश्यामजी, सालासर, जीणमाता व शाकंभरी माता विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थान है। ये फायदे होंगे ये रेलवे ट्रैक डबल होने के कारण रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत होगी और टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। शेखावाटी के हजारों सैनिक भारतीय सेना में भी कार्यरत हैं, उनका आना-जाना भी सुगम होगा। रींगस-सीकर रेलवे ट्रैक के डबल होने से लाइन क्षमता बढ़ेगी, ट्रेन क्राॅसिंग की समस्या दूर होगी, टाइमिंग घटेगी तथा पहले से ज्यादा ट्रेनें चलाई जा सकेंगी‌। गौरतलब है कि रींगस-खाटूश्यामजी 18 किलोमीटर नई रेलवे लाइन का काम 254 करोड़ रूपए की लागत से चल रहा है। सीकर और रींगस रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य भी चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *