शराब-कारोबारी का बेटा शोएब ढेबर फरार:स्कूल-संचालक को दी थी जान से मारने की धमकी,FIR के बाद अंडरग्राउंड;आरोपी के घर से पुलिस 4 बार लौटी

रोडरेज के विवाद में विधायक कॉलोनी, तेलीबांधा निवासी स्कूल संचालक आरबी मिश्रा को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी शोएब ढेबर शहर छोड़कर फरार हो गया है। आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस उसके निवास पर अब तक चार बार रेड कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा है और फरारी काट रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश लगातार जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। जानिए क्या है पूरा मामला ? पीड़ित स्कूल संचालक आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वह विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वह अपनी कार (CG-04-PY-5003) के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रही एक इडिवर कार के चालक शोएब ढेबर ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को स्क्रैच मार दिया। जब आरबी मिश्रा ने उसे सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी, तो आरोपी ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा। घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बोली- जल्द ही होगी गिरफ्तारी तेलीबांधा थाना प्रभारी (निरीक्षक) अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और उसके घर पर कई बार दबिश दी जा चुकी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई थी, लेकिन आरोपी फिलहाल अंडरग्राउंड हो गया है। पुलिस के अनुसार उसकी तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कौन है शोएब ढेबर? आरोपी शोएब ढेबर शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का बेटा और रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। 8 फरवरी को स्कूल संचालक की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में उसके खिलाफ गाली-गलौज और धमकी देने का केस दर्ज किया गया। पहले भी विवादों में रहा है आरोपी शोएब का पहले भी आ चुका है कई विवादों में नाम 7 अगस्त 2025 को वह जेल में बिना अनुमति मुलाकात कक्ष में घुस गया था और इस दौरान उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसकी किसी भी कैदी से मुलाकात पर रोक लगा दी थी। जेल अधीक्षक के आदेश में कहा गया था कि इस घटना से न केवल सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि जेल के संचालन में भी बाधा उत्पन्न हुई। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे 3 महीने के लिए बैन कर दिया था। वहीं जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाना में उसके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ था। इसके अलावा शोएब ढेबर का क्लब में मारपीट करने और कोरोना काल के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद करने का वीडियो भी वायरल हो चुका है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *