हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित खुंजा के पास श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ मुख्य सड़क पर बस और टेम्पो के बीच हल्की टक्कर हो गई। रविवार को हुए इस हादसे में गनीमत रही कि इस टक्कर में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि बस की रफ्तार कम थी, जिसके कारण टेम्पो ड्राइवर गंभीर रूप से घायल होने से बच गया। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब श्रीगंगानगर से हनुमानगढ़ की तरफ़ जा रही लोक परिवहन की बस ने खुंजा के पास बने कट पर एक टेम्पो को टक्कर मार दी। टेम्पो ड्राइवर हरीश टेम्पो लेकर कट से मुड़ते हुए जा रहा था, तभी अचानक बस ने टक्कर मार दी। टक्कर से टेम्पो में हल्की क्षति पहुंची, लेकिन ड्राइवर की सतर्कता और बस की धीमी रफ्तार ने उसे बड़ी दुर्घटना से बचा लिया। टक्कर के बाद आक्रोशित राहगीरों और आस-पास के लोगों ने बस पर हमला बोल दिया। गुस्साए लोगों ने बस के शीशे तोड़ डाले और बस के टायरों की हवा भी निकाल दी। इस पूरे घटनाक्रम में लोग काफी उत्तेजित हो गए और बस में सवार यात्री भी अपनी जान बचाने के लिए बस से उतरकर बस स्टैंड की तरफ़ दूसरी वाहनों से रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जंक्शन पुलिस से एसआई मोहर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को रास्ते से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक थाना में किसी भी पक्ष द्वारा इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत या परिवाद दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।


