हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के फतेहगढ़ साहिब दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। आम आदमी पार्टी (आप) ने उनके आगमन पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। अमलोह से आप विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग ने एक वीडियो जारी कर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से तैयार रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन की रणनीति तय करने के लिए पार्टी स्तर पर बैठक भी की गई है। 14 फरवरी को देशभक्त यूनिवर्सिटी के बाहर होगा प्रदर्शन विधायक गैरी बड़िंग ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन 14 फरवरी को सुबह 10 बजे देशभक्त यूनिवर्सिटी के बाहर किया जाएगा। इसका मुख्य कारण भारत-अमेरिका डील है, जिसके बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पंजाब के किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने विशेष रूप से अमलोह क्षेत्र का उल्लेख किया, जहां बड़ी संख्या में किसान मक्की की खेती करते हैं। बड़िंग के अनुसार, मक्की के दाम पहले से ही काफी कम हैं और यह डील किसानों की मुश्किलें और बढ़ा देगी। उन्होंने सरकार की नीतियों को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया का दौरान करवाया गया रद्द विधायक ने एक और आरोप लगाया कि 14 फरवरी को देशभक्त यूनिवर्सिटी के वार्षिक समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को मुख्य अतिथि के रूप में आना था। हालांकि, उनका दौरा अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। गैरी बड़िंग ने दावा किया कि राज्यपाल कार्यालय ने यूनिवर्सिटी प्रशासन का संपर्क हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कराया और उन्हें आमंत्रित किया गया। उन्होंने इसे “बड़ी सियासत” बताया। विधायक ने तर्क दिया कि देशभक्त यूनिवर्सिटी पंजाब विधानसभा में कानून पारित करके स्थापित हुई है, इसलिए यदि राज्यपाल उपस्थित नहीं हो सकते थे, तो पंजाब के मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री को बुलाने का मकसद केवल राजनीतिक है, जिसका पार्टी पुरजोर विरोध करेगी।


