छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में मेहंदी रस्म का आयोजन किया गया। हल्दी रस्म के एक दिन बाद हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों से आए भक्तों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में महिलाएं एक ही वेशभूषा में नजर आईं, जबकि पुरुष मेहंदी के रंग के परिधानों में उपस्थित थे। मेहंदी को सजाकर, धूमधाम से बाजे-गाजे के साथ मंदिर तक लाया गया। मंदिर पहुंचने पर, बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी ने गंगाजल से जलाचमन कर मेहंदी को मंदिर में प्रवेश कराया। इसके बाद, मेहंदी को महादेव के पास रखकर विधि-विधान से पंडित द्वारा पूजा-अर्चना और आरती की गई। देखिए तस्वीरें मंदिर में श्रद्धालुओं ने महादेव को मेंहदी अर्पित की पूजा के बाद, लाई गई मेहंदी को महादेव को अर्पित किया गया। यजमान परिवार ने महादेव को मेहंदी लगाई, जिसके बाद इसे सभी भक्तों में वितरित किया गया। महादेव को मेहंदी लगाने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, और सभी ने गर्भगृह में प्रवेश कर महादेव को मेहंदी अर्पित की। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह रस्म बाबा बूढ़ेश्वर महादेव और माता पार्वती के विवाह महोत्सव का हिस्सा है। इससे पहले तिलक महोत्सव, रुद्र महाभिषेक और हल्दी की रस्म निभाई जा चुकी है। अब मेहंदी का कार्यक्रम संपन्न हुआ है बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में होगा ‘बड़ा गीत’ और निकलेगी भोले की बारात भक्तों के अनुसार, आने वाले दिनों में ‘बड़ा गीत’ का आयोजन होगा, जिसके बाद ब्रह्मांड के सबसे सुंदर दूल्हे की बारात निकाली जाएगी। इस बारात में भूत, पिशाच और अघोरी भी शामिल होंगे। बूढ़ेश्वर महादेव के लिए अलग-अलग जगहों से मेहंदी मंगाई गई थी। कई भक्तों ने अपने हाथों पर भी ‘मेरे भोले’ और ‘शिव-पार्वती’ की मेहंदी लगाई। मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मां पाताल भैरवी भजन संध्या समिति ने सुंदर भजनों से माहौल भक्तिमय बना दिया। मेहंदी की रस्म को लेकर भी खास गीत गाए गए। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और भोले बाबा के नाम की मेहंदी लगाकर खुशी जताई। लोगों ने अपने हाथों की मेहंदी दिखाते हुए भक्ति का आनंद लिया। महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों ने भी अपने हाथों में मेहंदी लगाई। महिलाओं ने “शिव-शिव” और बाबा के नाम की मेहंदी रचाई। मंदिर परिसर में करीब 30 से अधिक युवतियों ने मेहंदी लगाने की सेवा दी। पुरुषों ने भी उत्साह से बाबा के नाम की मेहंदी लगवाई। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे बचपन से इस मंदिर में आते रहे हैं। यहां हर साल महाशिवरात्रि का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। इसी अवसर पर मेहंदी की रस्म निभाई गई। भक्तों का कहना है कि जो भी भक्ति भाव से यहां आता है, वह अपने हाथों में मेहंदी लगाकर बाबा को प्रसन्न करता है। धमतरी शहर में महाशिवरात्रि को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। सभी श्रद्धालुओं की भागीदारी से मेहंदी का कार्यक्रम सफल रहा। भक्तों ने बहुत ही सुंदर ढंग से अपने हाथों में मेहंदी लगाई और भक्ति का आनंद लिया।


