फतेहगढ़ साहिब में आप ने बैंड बजाकर किया प्रदर्शन:कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पर अभद्र टिप्पणी का विरोध, माफी की मांग

आम आदमी पार्टी (आप) की फतेहगढ़ साहिब जिला इकाई ने कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन फतेहगढ़ साहिब स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय के बाहर बैंड-बाजे के साथ किया गया। इस दौरान आप कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की। आप एससी विंग के प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह जीपी और फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने इस प्रदर्शन को कांग्रेस की ‘दलित विरोधी सोच’ के खिलाफ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लंबे समय से दलित समाज के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे उनकी भावनाएं आहत होती हैं। नेताओं ने कहा कि मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के खिलाफ की गई टिप्पणी केवल एक मंत्री का नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज का अपमान है। आम आदमी पार्टी इस तरह की मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पंजाब भर में कांग्रेस की कथित दलित विरोधी नीतियों और सोच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, और फतेहगढ़ साहिब का यह प्रदर्शन उसी कड़ी का हिस्सा है। आप नेताओं ने जोर देकर कहा कि पार्टी हमेशा दलित समाज के सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा के लिए खड़ी रही है। उन्होंने मांग की कि प्रताप सिंह बाजवा और राजा वड़िंग अपनी आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए तुरंत दलित समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *