अबोहर में ढाबा मालिक- बेटे की पिटाई:खाने का बिल मांगने पर युवकों ने किया हमला, बचाव में आया रिश्तेदार भी घायल

अबोहर के मलोट चौक पर एक ढाबे पर खाने का बिल मांगने को लेकर हुए विवाद में ढाबा मालिक, उसके बेटे और एक रिश्तेदार को पीटा गया। हमलावरों ने रॉड और बेसबॉल का इस्तेमाल किया। पूरी वारदात ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, गुरु कृपा कॉलोनी गली नंबर 5 निवासी सतपाल ने बताया कि, देर रात को उनके मलोट रोड स्थित ‘पाली के ढाबे’ पर करीब आधा दर्जन युवक खाना खाने आए थे। खाना खाने के बाद जब उनसे बिल मांगा गया, तो युवकों ने पैसे देने की बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। बेसबॉल से किया हमला सतपाल ने जब इसका विरोध किया, तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब सतपाल का बेटा आशीष और रिश्तेदार हैरी बचाव में आए, तो हमलावरों ने उन पर बेसबॉल से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय हमलावरों की कार एक ट्रैक्टर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद युवक कार छोड़कर मौके से भाग निकले। घायल सतपाल, आशीष और हैरी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लूटपाट का आरोप लगाया थाना सिटी वन के प्रभारी रविंद्र भीटी ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उन्होंने अपनी सोने की चेन और अन्य सामान लूटे जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। यदि लूट की पुष्टि होती है, तो उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *