तमिलनाडु में 1.31 करोड़ महिलाओं के खाते में ₹5,000 ट्रांसफर:CM स्टालिन बोले- दोबारा सरकार बनने पर हर महीने ₹2,000 देंगे

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को बताया कि उनकी सरकार ने कलैगनार महिला अधिकार योजना के तहत राज्य की 1.31 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में ₹5,000 जमा किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि इसमें से ₹3,000 फरवरी, मार्च और अप्रैल महीने की किस्तों के लिए पहले ही दे दिए गए हैं। इसके अलावा ₹2,000 समर स्पेशल पैकेज के रूप में दिए गए हैं। यानी कुल मिलाकर हर लाभार्थी महिला को ₹5,000 मिले हैं। स्टालिन ने कहा कि कुछ लोग चुनाव का हवाला देकर इस योजना की रकम रोकना चाहते थे, लेकिन उनकी सरकार ने पहले ही पैसे भेज दिए ताकि महिलाओं को कोई परेशानी न हो। उन्होंने यह भी वादा किया कि अगर उनकी पार्टी फिर से सत्ता में आती है, तो महिलाओं को मिलने वाली ₹1,000 की मासिक सहायता बढ़ाकर ₹2,000 कर दी जाएगी। तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं और चुनाव इस साल के पहले छह महीनों में होने की संभावना है। पिछली बार 2021 में स्टालिन की पार्टी ने बहुमत हासिल किया था। इस बीच विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके ने भी चुनाव से पहले कई वादे किए हैं। इनमें बुज़ुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर लोगों की पेंशन ₹1,200 से बढ़ाकर ₹2,000 करना शामिल है। इसके अलावा छात्रों के एजुकेशन लोन माफ करने, राशन कार्ड धारकों को साल में 3 मुफ्त गैस सिलेंडर देने और महिलाओं को बिना ब्याज लोन देने का वादा भी किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *