करंट की चपेट में आने से युवक की मौत:निर्माणाधीन मकान के शटर में करंट दौड़ने से हादसा, परिवार को इकलौता कमाने वाला था

झालावाड़ जिले के असनावर कस्बे में एक निर्माणाधीन मकान पर काम करते समय करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। गुरुवार शाम शटर लगाते समय यह हादसा हुआ, जिसके बाद इलाज के दौरान झालावाड़ अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। असनावर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मैसर गांव निवासी मुकेश (21) पुत्र दुर्गालाल भील के रूप में हुई है। मुकेश असनावर में एक मकान पर मजदूरी का काम कर रहा था। निर्माणाधीन मकान का काम पूरा होने के बाद वह शटर नीचे कर रहा था, तभी शटर में करंट आ गया और वह अचेत होकर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ देर बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और असनावर पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार दोपहर असनावर पुलिस ने झालावाड़ अस्पताल पहुंचकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता दुर्गालाल भील ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि मुकेश असनावर में सेंट्रल बैंक के पास पवन पाटीदार नामक व्यक्ति के मकान पर मजदूरी कर रहा था, तभी करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि मुकेश अपने घर में अकेला कमाने वाला सदस्य था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *