डीडवाना जिले के भिड़ासरी गांव के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में 12वीं की परीक्षा देकर लौट रहे 3 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे से टकरा गई। घायल छात्रों की पहचान घनश्याम स्वामी, कनक शर्मा और विक्रम प्रजापत के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्र सड़क पर गिर गए। घटना के तुरंत बाद, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। घायलों को राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के अनुसार 2 छात्रों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है, जबकि एक छात्र का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
बताया गया है कि तीनों छात्र परीक्षा देकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी भिड़ासरी के पास उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल, सभी घायल छात्र अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में हैं।


