सफाई कर्मचारी की दो बेटियों की शादी में आएंगे संत-महात्मा:4 हजार कार्ड छपवाए; अणतराम चैरिटेबल ट्रस्ट करवा रहा विवाह

सीकर के सफाई कर्मचारी की दो बेटियों की शादी होगी। इस शादी में शहर के हजारों लोग बारात का स्वागत करेंगे। शादी में शामिल होने के लिए अयोध्या सहित देशभर से कई संत आएंगे। यह शादी सीकर का सेठ अणतराम सिंघानिया चैरिटेबल ट्रस्ट करवा रहा है। शादी समारोह का आयोजन दयालबाग मैरिज गार्डन में 19 फरवरी को होगा। ट्रस्ट ने चार हजार शादी के कार्ड छपवाए हैं। शादियों में समरसता के भाव को बढ़ावा देने के लिए सेठ अणतराम सिंघानिया चैरिटेबल ट्रस्ट ने यह शुरुआत की। सफाई कर्मचारी राधेश्याम सारवाण की दो बेटियों निशा और निकिता की शादी करवाई जाएगी। निशा की शादी योगेश और निकिता की शादी विशाल के साथ होगी। निशा की बारात अजमेर के कल्याणीपुरा और निकिता की बारात फतेहपुर से 19 फरवरी को पहुंचेगी। कई संत भी आएंगे, देंगे आशीर्वाद; विश्व हिंदू परिषद ने भेजा बधाई संदेश
बारात का 19 फरवरी को स्वागत होने के बाद शाम 5 बजे से प्रीतिभोज और शादी के अन्य मांगलिक कार्यक्रम होंगे। शादी में जगद्गुरु अर्जुन द्वाराचार्य, कृपालु रामभूषण देवाचार्य महाराज, पोकरण विधायक प्रतापपुरी, सांगलिया पीठाधीश्वर ओमदास महाराज, महंत मनोहर शरण शास्त्री महाराज, चंद्रमादास महाराज और सीकर के पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती भी शामिल होंगे। शादी समारोह के कार्ड में पंच परिवर्तन का जिक्र किया गया है। इसमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध ‘स्वदेशी’ और नागरिक कर्तव्य शामिल है। शादी समारोह के आयोजन को लेकर विश्व हिंदू परिषद के द्वारा भी बधाई संदेश भेजा गया है। शादी समारोह में कन्याओं के पैर का पूजन भी
ट्रस्ट अध्यक्ष प्रमोद सिंघानिया ने कहा- शादी समारोह में कन्या पैर पूजन का भी आयोजन होगा। वर्तमान में शादी समारोह में फिजूलखर्ची की जाती है। ऐसे में ट्रस्ट का संदेश है कि किसी जरूरतमंद की बेटी की शादी हो तो सभी लोग उसके सहयोग के लिए आगे आएं। जरूरतमंद की बेटी की शादी भी धूमधाम से हो। प्रमोद सिंघानिया ने कहा- वर्तमान में यूजीसी जैसे मामले चल रहे हैं। इन पर बहस होना अलग बात है, लेकिन उन्हें ही समाज की जमीनी तस्वीर मान लेना उचित नहीं है। वास्तविकता यह है कि आज भी लोग साथ हैं। रिश्ते आज भी इंसानियत से ही बनते हैं। सिंघानिया ने कहा- सफाई कर्मचारी राधेश्याम उनके मोहल्ले में कई सालों से सफाई का काम करते हैं। कई महीनों पहले जब राधेश्याम ने अपनी बेटियों की शादी करने की चर्चा चलाई, तब मन में इस आयोजन का ख्याल आया। फिर ट्रस्ट के द्वारा निर्णय किया गया कि राधेश्याम की बेटियों की शादी भव्य तरीके से की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *