मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले की ग्राम पंचायत सिरौली में नवयुवक मंडल खेल समिति ने एक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस आयोजन में कबड्डी के साथ-साथ अन्य खेलों को भी शामिल किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विशेष रूप से महिला कबड्डी का रोमांच देखने को मिला, जिसने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। आसपास की कई ग्राम पंचायतों से लोग इस खेल आयोजन को देखने सिरौली पहुंचे थे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब कमरो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पूर्व विधायक बोले-गांव में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि इन प्रतिभाओं को केवल उचित मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। कमरो ने आगे कहा कि खेल हमारे गांवों की पहचान और युवाओं की ऊर्जा का प्रतीक है। पूर्व विधायक ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई भी दी। इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष शरण सिंह, रफीक मेमन, आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह मरावी, सांसद प्रतिनिधि अमर सिंह, जनपद सदस्य पूजा कोल, सरपंच मदन सिंह, शफीउल्ला और फारूक सहित कई गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी तथा खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


