रामानुजगंज में अटल परिसर का लोकार्पण:कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया उद्घाटन, भारत की पहली प्रतिमा स्थल

रामानुजगंज के वार्ड क्रमांक 1 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु प्रतिमा स्थल पर अटल परिसर का लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम इस समारोह के मुख्य अतिथि रहे। यह प्रतिमा भारतवर्ष में अटल बिहारी वाजपेयी की पहली प्रतिमा मानी जाती है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, उपाध्यक्ष शीला जायसवाल और नगर पालिका परिषद के सभी 15 पार्षद विशेष रूप से उपस्थित थे। समारोह के दौरान अतिथियों का फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। नगर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन भी संपन्न कराया गया। लोकार्पण के अवसर पर मंत्री नेताम ने कहा कि रामानुजगंज एक ऐतिहासिक नगर है और यहां किए जा रहे कार्य मिसाल कायम कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया कि मंत्री रामविचार नेताम के सहयोग से रामानुजगंज को नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिला, जो विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह विकास कार्यों की शुरुआत है और आने वाले समय में जनभावनाओं के अनुरूप नगर में और अधिक विकास कार्यों को गति दी जाएगी। अटल परिसर के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले पार्षद विजय रावत को कृषि मंत्री रामविचार नेताम और नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। मंत्री नेताम ने कहा कि यदि विजय रावत द्वारा भूमि दान नहीं की जाती तो अटल परिसर का निर्माण संभव नहीं हो पाता। उन्होंने इसे समाजहित में किया गया एक सराहनीय कार्य बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और नगरवासी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *