शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा ग्राम केरावाही में एक सांस्कृतिक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली 13 फरवरी 2026 को आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन हुई, जिसका निर्देशन कार्यक्रम अधिकारी समलेश पोटाई ने किया। इस अवसर पर स्वयंसेवक छात्रों ने देश के विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य विभिन्न धर्मों, जातियों और संस्कृतियों के बीच आपसी समरसता का संदेश देना तथा ‘अखंड भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त करना था। शिविर के दौरान किया गया जागरूक जिला संगठक शशिभूषण कन्नौजे ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक रैलियां युवाओं में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करती हैं। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, नशामुक्ति अभियान और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता जैसे अनेक सामाजिक कार्य भी किए गए। सांस्कृतिक रैली में स्वयंसेवकों के साथ-साथ ग्रामीणों की भी उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिससे संपूर्ण ग्राम में उत्सव जैसा वातावरण बन गया। इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय जगदलपुर, बस्तर के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सजीवन कुमार और राष्ट्रीय सेवा योजना जिला कोंडागांव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। रैली में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि पूर्व जिला संगठक आरके जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर जिला संगठक शशिभूषण कन्नौजे, कार्यक्रम अधिकारी समलेश पोटाई, डॉ. अलका शुक्ला, जिला सलाहकार हनी चोपड़ा सहित शिक्षणगण, ग्रामीणजन और वरिष्ठ स्वयंसेवक तिलक दास, अजीत कुमार, देवेश शोरी, अजीत सिन्हा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


