बरनाला जिले में बाहरी बस स्टैंड पर एक बुजुर्ग महिला से चोरी की वारदात हुई। पीड़ित महिला हरबंस निवासी खट्टर पत्ती तपा आंखों की दवा लेने के लिए बस स्टैंड पर बैठी थीं। हरबंस ने अपने कानों से सोने की बालियां उतारकर एक शॉल में लिपटे लिफाफे में रखे पर्स में रख दीं। इस पर्स में पहले से ही 2500 रुपये नकद और उनका आधार कार्ड मौजूद था। महिला ने यह कदम लुटेरों के डर से उठाया था। वहीं जब बुजुर्ग महिला बस में चढ़ने के लिए उठी, तो उसे अचानक घबराहट हुई और वह वापस बेंच पर बैठ गई। इसी बीच, दो अज्ञात महिलाएं उसके पास आकर बैठ गईं और उसे बताया कि उसका लिफाफा फटा हुआ है, जिससे सामान गिर सकता है। पर्स और जेवर गायब इस दौरान महिला ने जब लिफाफा देखा, तो वह फटा हुआ था और उसमें रखा पर्स गायब था। इस पर्स में लगभग डेढ़ तोला सोने की दो बालियां, करीब 2500 रुपये नकद और आधार कार्ड था। चोरी का पता चलते ही हरबंस ने तुरंत अपने परिवार के सदस्यों को सूचित किया। सीसीटीवी कैमरों की सहायता से आरोपी की तलाश जारी परिवार के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस चौकी तपा को घटना की सूचना दी। पुलिस चौकी तपा के इंचार्ज बलजीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। लोगों ने पुलिस की अपील पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहें।पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस दौरान सुरिंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह भी मौके पर मौजूद थे।


