बलरामपुर के पुटसुरा में नल-जल योजना अधूरी:फर्जी ग्राम सभा में बताया सभी घरों में पहुंचा पानी, ग्रामीण बोले- नहीं मिला योजना का लाभ

बलरामपुर जिले के पुटसुरा ग्राम पंचायत में लगभग 80 लाख रुपए की लागत से नल-जल योजना का कार्य कराया गया है। इसमें पानी की टंकी, पाइपलाइन और स्टैंड पोस्ट का निर्माण शामिल है। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि यह योजना अभी तक अधूरी है और उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम अधौरा में फर्जी तरीके से ग्राम सभा आयोजित की गई। इसमें दूसरे गांवों के लोगों को पुटसुरा का निवासी बताकर यह दर्शाया गया कि सभी घरों में पानी पहुंच रहा है। इस संबंध में हस्ताक्षर भी कराए गए, जबकि हकीकत में किसी भी घर में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। नल-जल योजना में लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों को नहीं मिल रहा लाभ ग्रामीण राहुल गुप्ता ने बताया कि बिहार के एक ठेकेदार द्वारा यह कार्य अत्यंत धीमी गति और घटिया गुणवत्ता के साथ किया गया है। उन्होंने कहा कि नल-जल योजना का लाभ अब तक ग्रामीणों को नहीं मिल सका है और लोग आज भी स्टैंड पोस्ट से पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। वार्ड क्रमांक 8 सहित अन्य वार्डों के आदिवासी परिवारों को आज भी आधा से एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, उनके घरों तक पानी पहुंचना अभी भी एक सपना बना हुआ है। ग्रामीणों ने की शिकायत और कार्रवाई की मांग इस संबंध में ग्रामीणों ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता से शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि प्रत्येक घर तक पानी की सुविधा सुनिश्चित की जा सके। विभाग ने जांच का आश्वासन दिया वहीं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मौके पर जाकर मामले की जांच की जाएगी। यह भी सामने आया है कि नल-जल योजना के तहत कार्य पूरा होने के बाद ग्राम सभा में कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र लिया जाता है, जिस पर सरपंच और सचिव के हस्ताक्षर होते हैं। इसमें हितग्राहियों से भी पूछा जाता है कि उन्हें लाभ मिल रहा है या नहीं। इसके बाद ही राशि जारी होती है, लेकिन कई जगहों पर यह प्रक्रिया फर्जी तरीके से पूरी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *